सिदगोड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: 214 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी जब्त
जमशेदपुर में 'ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस' के तहत सिदगोड़ा पुलिस ने 52.49 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को लेकर गुप्त सूचना मिली थी।
HighLights
सिदगोड़ा पुलिस ने 52.49 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की।
'ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस' के तहत तीन तस्कर गिरफ्तार हुए।
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया।
जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत सिदगोड़ा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 52.49 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद नशीले पदार्थ को 214 पुड़ियों में पैक किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन और 10,400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
बारीडीह के केटू मैदान के पास हुई छापेमारी
सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब को क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को लेकर गुप्त सूचना मिली थी।
उनके निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना के आधार पर बारीडीह स्थित केटू मैदान के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध हालत में मौजूद तीनों युवकों को दबोच लिया।
जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 214 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 52.49 ग्राम) बरामद हुई।
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बारीडीह बस्ती के दिनकर पथ निवासी अभिषेक भगत उर्फ सूरज गुप्ता, कपाली के रहमतनगर केला गोदाम के पास रहने वाले मो. अरमान और आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी तैयब अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मो. अरमान के खिलाफ पहले से चांडिल थाना में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं, अभिषेक भगत और तैयब अंसारी के खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस ने इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रविवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के अन्य सरगनाओं और सप्लायरों तक पहुंचने के लिए आगे की तफ्तीश में जुटी है।