विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर पुलिस का एक्शन: सोनारी में 14 जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, दो तस्करों की तलाश जारी

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:55 PM (GMT+05:30)

जमशेदपुर पुलिस ने सोनारी में वाहन जांच के दौरान 14 जिंदा कारतूसों के साथ एक युवक गोलू सिंह को गिरफ्तार ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. सोनारी में वाहन जांच के दौरान युवक गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने 14 जिंदा कारतूस और बाइक जब्त की।

  3. अवैध कारतूस नेटवर्क के दो अन्य आरोपित फरार।

जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों व गोलियों की खरीद-बिक्री पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 
 
पुलिस ने रविवार सुबह वाहन जांच के दौरान 14 जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सोनारी ग्वाला बस्ती स्थित हनुमान मंदिर के समीप रहने वाले गोलू सिंह के रूप में हुई है। 
 
पुलिस ने उसके पास से कारतूस के अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
 

जोगर्स पार्क-मरीन ड्राइव मार्ग पर चेकिंग में धराया 

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पर्व-त्योहार के मद्देनजर पूरे जिले में सघन गश्ती और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 
 
इसी क्रम में 15 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:15 बजे सोनारी पुलिस जोगर्स पार्क से मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी।
 
तभी बाइक से गुजर रहे गोलू सिंह को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिनके पेंदे पर 'एचपीएम' (HPM) अंकित था।
 

पिंटू से खरीदी थी गोली, सी. बच्चा को देनी थी सप्लाई 

पुलिस की कड़ी पूछताछ में गोलू सिंह ने अवैध कारतूसों के इस नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि उसने ये कारतूस न्यू ग्वाला बस्ती निवासी पिंटू यादव उर्फ भैंसा से खरीदे थे और वह इन्हें सोनारी स्थित राजा खटाल के पास रहने वाले सी. बच्चा को पहुंचाने जा रहा था।
 
पुलिस ने इस मामले में गोलू सिंह के साथ-साथ पिंटू यादव उर्फ भैंसा और सी. बच्चा को भी नामजद आरोपित बनाया है। फरार चल रहे दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
 

पुलिस टीम की सतर्कता से पकड़ा गया नेटवर्क 

इस संबंध में सोनारी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिवम राज के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर धोबी, शिवम राज, सहायक अवर निरीक्षक संजय सिंह, राजू नायक और हवलदार विजय महतो शामिल थे। 
 
पुलिस अब इस पूरे गिरोह के तार खंगालने और यह पता लगाने में जुटी है कि कारतूसों की खेप कहां से मंगाई जा रही थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।