जमशेदपुर में सनसनीखेज खुलासा: मोबाइल चलाने पर माता-पिता ने ही की थी बेटी की हत्या, बंद खदान में फेंका था शव
जमशेदपुर के पटमदा में एक 14 वर्षीय छात्रा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। उसके माता-पिता ने मोबाइल चलाने के विवाद में बेटी को पीटकर मार डाला और शव को बंद खदान में फेंक दिया।

घटना के तीन दिन बाद 13 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने खदान के पानी में शव तैरता देखा।
HighLights
पटमदा में 14 वर्षीय छात्रा का शव बंद खदान में मिला।
मोबाइल विवाद में माता-पिता ने बेटी की पीटकर हत्या की।
शव को छिपाने के लिए पत्थर खदान के गड्ढे में फेंका।
जासं, जमशेदपुर। पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लायाडीह गांव स्थित एक बंद पत्थर खदान से 14 वर्षीय छात्रा का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में गुरुवार को बड़ा खुलासा हुआ।
आठवीं की नाबालिग छात्रा के माता-पिता ही उसके हत्यारे निकले। पुलिस ने आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मोबाइल विवाद में डंडे से पीटकर ली जान
कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि जांच में मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर माता-पिता पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर दंपति ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, छात्रा हमेशा मोबाइल चलाती थी, जिसे लेकर 10 नवंबर को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था। इसी गुस्से में माता-पिता ने घर में ही बेटी की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से दंपति ने शव को लायाडीह के पास बंद पत्थर खदान के गहरे गड्ढे में फेंक दिया।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने मांगा था मुआवजा
घटना के तीन दिन बाद 13 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने खदान के पानी में शव तैरता देखा। पुलिस ने स्थानीय सबर लोगों की मदद से ट्यूब के सहारे शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया था।
शव की उंगली और मुंह में गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। वहीं, 14 नवंबर को ओड़िया पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस पर बिना सहमति शव उठाने का आरोप लगाते हुए पांच घंटे तक टाटा-पटमदा मुख्य सड़क जाम कर थाना घेराव व नारेबाजी की थी।
ग्रामीणों ने 50 लाख रुपये मुआवजा, खदान भरने और गश्त बढ़ाने की मांग की थी। प्रशासन द्वारा चार लाख रुपये आपदा मुआवजे, खदान की घेराबंदी के आश्वासन तथा थाना प्रभारी के 20 हजार रुपये तात्कालिक मदद की घोषणा पर जाम हटा था।
जिस परिवार को न्याय दिलाने के लिए ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे, उसी दंपति के हत्यारा निकलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी व चर्चा है।
पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार व थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की पहचान व मामले का अनुसंधान जारी है।