स्वच्छ ऊर्जा की ओर बड़ा कदम: जमशेदपुर के NML में बनेगी हाइड्रोजन ईंधन टेस्टिंग लैब, केंद्र से मिले 30 करोड़ रुपये
सीएसआइआर-एनएमएल जमशेदपुर में हाइड्रोजन ईंधन की मानक टेस्टिंग फैसिलिटी लैब स्थापित होगी, जिसके लिए केंद्र सरकार ने 30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

संज्यपाल संतोष गंगवार को गुलदस्ता देकर स्वागत करते एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी।
HighLights
एनएमएल में हाइड्रोजन ईंधन टेस्टिंग लैब की स्थापना।
केंद्र सरकार ने 30 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की।
हाइड्रोजन के सुरक्षित परिवहन, भंडारण पर शोध होगा।
जासं, जमशेदपुर। भविष्य में स्वच्छ ऊर्जा के रूप में हाइड्रोजन ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में सीएसआइआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) अहम भूमिका निभाने जा रही है।
संस्थान के सेकेंड कैंपस में हाइड्रोजन ईंधन की स्टैंडर्ड टेस्टिंग फैसिलिटी लैब स्थापित की जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने पहले चरण में 30 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी ने गुरुवार को संस्थान के स्थापना दिवस के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संस्थान हाइड्रोजन को ईंधन के तौर पर इस्तेमाल करने से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों पर भी गहन शोध कर रहा है।
इसमें हाइड्रोजन के सुरक्षित परिवहन, भंडारण और पाइपलाइन निर्माण के अनुकूल विशेष धातुओं (मेटल) का विकास शामिल है। फिलहाल यह अनुसंधान अपने शुरुआती चरण में है।
जर्मनी और इटली जैसी सुविधा विकसित करने की योजना
डॉ. चौधुरी ने कहा कि हाइड्रोजन ईंधन की गुणवत्ता और उससे जुड़े उपकरणों की मानक स्तर पर जांच के लिए देश में अत्याधुनिक टेस्टिंग सुविधा तैयार करना बेहद जरूरी है।
वर्तमान में इस स्तर की सुविधाएं जर्मनी और इटली में उपलब्ध हैं। भारत में भी ठीक वैसी ही प्रयोगशाला विकसित करने की योजना है, ताकि हाइड्रोजन आधारित तकनीक और उपकरणों की विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हाइड्रोजन के व्यापक इस्तेमाल के लिए ऐसी मशीनों और उपकरणों का निर्माण आवश्यक है, जो इस गैस के संपर्क में सुरक्षित और टिकाऊ बने रहें।
इसके लिए उपयुक्त धातु विकसित करना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, एनएमएल को ग्रेफाइट प्रूफिंग से जुड़ी अनुसंधान परियोजना के लिए भी 10 करोड़ रुपये मिले हैं। संस्थान का मुख्य लक्ष्य नई ऊर्जा तकनीकों के विकास में देश को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना है।