Jharkhand Politics: राष्ट्रपति चुनाव पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की सीएम को नसीहत...कहा- निर्णय सोच समझ कर लें, नहीं तो अच्छा नहीं होगा
Jharkhand Politics डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने अपने गठबंधन दल झामुमो के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा - राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने के मुद्दे पर हेमंत सोरेन ने अमित शाह से दिल्ली में भेंट की थी।
घाटशिला(जमशेदपुर) : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सह राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने अपने गठबंधन दल झामुमो के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा - राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने के मुद्दे पर हेमंत सोरेन ने अमित शाह से दिल्ली में भेंट की थी। अब हेमंत जी यह बताए कि अमित शाह से द्रौपदी मुर्मू के समर्थन देने के मुद्दे में मिले थे या इससे भी बड़ा कोई मुद्दा है? प्रदीप बलमुचू ने घाटशिला में हेमंत सोरेन पर कटाक्ष किया। बलमुचू ने कहा कि घोषणा करके गए थे। लेकिन अभी तक हेमंत जी का कोई बयान नहीं आया है।
गठबंधन में ऐसा निर्णय हो जो साथ चलने वालों के पक्ष में हो
बलमुचू ने नसीहत देते हुए कहा कि हेमंत जी कोई भी निर्णय ले सोच समझ कर लें। उसका खुलासा करना चाहिए। गठबंधन में ऐसा निर्णय हो जिससे साथ चलने वालों के पक्ष में हो। ऐसा निर्णय न ले जो आने वाले दिनों के लिए अच्छा न हो। जिससे कि आने वाले समय मे कोई खटास उत्पन्न हो। हालांकि डॉ बलमुचू ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी निर्णय लेती है, लेकिन बंदिश नहीं होती है। गठबंधन में हैं तो गठबंधन धर्म का पालन सबको करना चाहिए।
सभी परिस्थितियों में पार्टी आलाकमान फैसला लेगी, संगठन निर्णयों पर नजर बनाए हुए है
अगर गठबंधन में होकर भी यूपीए उम्मीदवार को झामुमो समर्थन नहीं देने पर गठबंधन सरकार के भविष्य के सवाल पर कांग्रेस के पूर्व झारखंड अध्यक्ष सह पूर्व सांसद डॉ प्रदीप बलमुचू ने कहा कि वैसे सभी परिस्थितियों में पार्टी आलाकमान फैसला लेगी। संगठन निर्णयों पर नजर बनाए हुए है। हमें उम्मीद है कि गठबंधन के विपरीत कोई निर्णय नहीं लेगी। बलमुचू ने महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन पर कहा कि वहां प्रजातंत्र का गला घोंटकर सरकार बनाया गया है।