बूथ पर अब कतार में लगने की जरूरत नहीं, एप करेगा मदद
झारखंड विधानसभा चुनाव में पहली बार बूथ एप का इस्तेमाल होगा। राज्य के दस विधानसभा क्षेत्र में इस एप का इस्तेमाल किया जाना है जिसमें जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा चुनाव में पहली बार बूथ एप का इस्तेमाल होगा। राज्य के दस विधानसभा क्षेत्र में इस एप का इस्तेमाल किया जाना है, जिसमें जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं। इसकी जानकारी जिला मुख्यालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी (धालभूम) चंदन कुमार, जमशेदपुर पश्चिमी के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त सौरव कुमार सिन्हा और नोडल पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन ने दी।
बूथ एप से मतदाताओं को लंबी कतार में खडे होने से राहत मिलेगी। एप की मदद से मतदाता कतार में लगे लोगों की संख्या मोबाइल एप्लिकेशन की मदद से जान सकेंगे। इस सुविधा के लाभ हेतु मतदाता वोटर स्लीप, डिजिटल वोटर स्लीप, वोटर कार्ड या एपिक नंबर के साथ संबंधित मतदान केंद्र में उपस्थित बीएलओ से संपर्क करना होगा। कतार से बचने और पहचान की लंबी प्रक्रिया से छुटकारा पाने के लिए उन्हें पहले बीएलओ से टोकन नंबर लेना होगा। मतदाता पर्ची में दर्ज क्यूआर कोड के इस एप में स्कैन करने से मतदाता की सारी जानकारी मिल जाएगी। एप के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए उनके बारी आने की जानकारी मिलेगी। मतदान केंद्र में मतदान के दिन प्रतिनियुक्त बीएलओ के स्मार्ट फोन में उपलब्ध बूथ एप के माध्यम से क्यू आर कोड स्कैन किया जाएगा। जिसके बाद मतदाताओं की सहूलियत के लिए टोकन नंबर दिया जाएगा, उसी के हिसाब से वे अपनी बारी आने पर मतदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि कोशिश रहेगी कि मतदान के लिए दस व्यक्ति से अधिक लोग कतार में न रहें। मतदाताओं को एप के माध्यम से सारी जानकारी मिलेगी कि कितने लोगों ने मतदान किया और कितने कतार में हैं। एप के चार यूजर में दो मुख्य हैं बीएलओ और पीठासीन पदाधिकारी। बीएलओ टोकन नंबर जारी करेंगे और पीठासीन पदाधिकारी उसकी जांच कर उसे सत्यापित करेंगे। बीएलओ और पीठासीन पदाधिकारी के सहयोग के लिए सहायक मौजूद रहेंगे, जिनके पास भी रजिस्टर्ड स्मार्ट फोन रहेगा। आपात स्थिति में जिसका इस्तेमाल किया जा सके। मौके पर एप के कार्य करने के तरीके ओर इसे डाउनलोड करने कर प्रक्रिया की जानकारी दी गई। संवाददाता सम्मेलन में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार समेत अन्य कई मौजूद थे।
-----
तीन से जमा लिए जाएंगे वाहन
जासं, जमशेदपुर : चुनाव प्रक्रिया के लिए जिले में तीन दिसंबर से वाहन जमा लिए जाएंगे। इसके लिए वाहनों का सीजर काटकर दिया गया है और सभी को तीन दिसंबर को वाहन जमा कराने का निर्देश दिया गया है। वर्तमान में जो वाहन लिए जा रहे हैं वो पुलिस के उपयोग के लिए है। यह जानकारी जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन ने दी।