Jamshedpur News: खरकई बांध का एक गेट खोला गया, नदी के किनारे रहने वालों के लिए जारी हुआ अलर्ट, खतरे के निशान के करीब पहुंचा पानी
Jamshedpur News ओडिशा व पूर्वी सिंहभूम जिले समेत झारखंड के अन्य जिलों में लगातार वर्षा के कारण स्वर्णरेखा नदी व खरकई नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। शनिवार की रात खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के पास 128.200 मीटर तक पहुंच गई।
जमशेदपुर, जासं। शनिवार की रात 9 बजे खरकई बांध का एक गेट को 0.6 मीटर खोला गया। (जिससे 58 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज हो रहा)। इस संबंध में उपायुक्त विजया जाधव की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह तक तक यह खतरे के स्तर तक पहुंच सकती है।
खतरे के निशान के करीब पहुंचा पानी
उन्होंने नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों को अलर्ट रहने के साथ ही नदी के तटीय इलाके में रहने वाले लोगों को सतर्क करने को कहा। जानकारी हो कि ओडिशा व पूर्वी सिंहभूम जिले समेत झारखंड के अन्य जिलों में लगातार वर्षा के कारण स्वर्णरेखा नदी व खरकई नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। शनिवार की रात खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के पास 128.200 मीटर तक पहुंच गई, जबकि डेंजर लेबल 129 मीटर है। रात में वर्षा हुई तो बाढ़ की संभावना है, यदि वर्षा नहीं हुई तो पानी निकल जाएगी।
हंगामा करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना की पुलिस ने पार्क निर्माण को लेकर हंगामा और विरोध करने के आरोप में बच्चे लाल भगत को गिरफ्तार कर लिया। उसके और अन्य 15 के विरुद्ध गोलमुरी थाना में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की प्राथमिकी दी गई है। गोलमुरी क्लब के समीप एक खाली पड़े जमीन पर टाटा स्टील द्वारा पार्क का निर्माण किया जा रहा था।उक्त जमीन पर दावा करने वाले व्यक्ति एवं उनके समर्थक बार-बार निर्माण कार्य में बाधा पहुंचा रहे थे। काम रोकवा दे रहे थे। शनिवार को कदमा निवासी बच्चे लाल भगत ने लोगों केक साथ हंगामा किया। निर्माण कार्य को रोकवा दिया। सूचना जिला उपायुक्त और एसडीओ तक पहुंची। कुछ समय बाद एसडीओ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने पार्क निर्माण का विरोध करने के आरोप में बच्चे लाल भगत को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बच्चे लाल भगत का कहना है कि एक व्यक्ति ने उक्त जमीन पर अपना दावा किया है। जमीन का मामला झारखंड उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।