जमशेदपुर से मध्य प्रदेश तक फैला था मानव तस्करी का जाल: नाबालिग को बेचकर कराई जबरन शादी
जमशेदपुर की एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर मध्य प्रदेश ले जाकर बेच दिया गया और जबरन शादी करा दी गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में बिट्टू शर्मा और नीलम देवी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है।
HighLights
वहां उसे बेचकर जबरन शादी कराने का गंभीर मामला सामने आया।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जासं, जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बागबेड़ा इलाके की एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर मध्य प्रदेश ले जाया गया।
वहां कथित तौर पर उसे बेचकर जबरन शादी कराने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में बिट्टू शर्मा और नीलम देवी को गिरफ्तार कर बीते मंगलवार को जेल भेज दिया है।
फरवरी से लापता थी किशोरी, बड़ी बहन ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला तब सामने आया जब पीड़िता की बड़ी बहन ने बागबेड़ा थाने में अपहरण और मानव तस्करी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया था कि उनकी छोटी बहन इसी साल फरवरी माह में सुबह करीब सात बजे घर से निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला और वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
परिजनों की लगातार खोजबीन और आशंका के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तकनीकी और जमीनी स्तर पर जांच शुरू की।
मध्य प्रदेश में बेचे जाने और जबरन शादी का खुलासा
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से नाबालिग को प्रेम प्रसंग या शादी के झांसे में फंसाया और उसे बहला-फुसलाकर मध्य प्रदेश ले गए।
वहां उसे कथित तौर पर बेच दिया गया और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शादी करा दी गई। पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।
मंगलवार को पुलिस ने न्यायालय में नाबालिग का बयान दर्ज कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गंदे खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हैं।
विजय गार्डन के पास स्कूली वैन चालक से मारपीट
आस्था ट्विन सिटी मेन रोड पर मंगलवार को ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में ऑल्टो कार सवार युवकों ने स्कूली बच्चों से भरी वैन के चालक मनीष कुमार साहू की जमकर पिटाई कर दी।
घटना के समय वैन में बिष्टुपुर के एक अंग्रेजी स्कूल के बच्चे सवार थे। मारपीट में चालक लहूलुहान हो गया, हालांकि डर और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उसने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
आर्म्स एक्ट का फरार वारंटी गिरफ्तार
साकची पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी मनोज कुमार उर्फ 'छोटा मुंडी' को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ओल्ड उलीडीह के न्यू शर्मा लाइन (आशीर्वाद नगर) स्थित अपने घर पर छिपा हुआ है।
पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया और मंगलवार को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।