जमशेदपुर में मेंटेनेंस के अभाव में मिलेनियम पार्क का ओपन जिम बना खतरा, कभी भी हो सकता है हादसा
टेल्को के मिलेनियम पार्क का ओपन जिम रखरखाव के अभाव में खराब हो गया है, जिससे हजारों लोगों की सुरक्षा ...और पढ़ें

पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा व्यायाम करने पहुंचते हैं।
HighLights
मिलेनियम पार्क का ओपन जिम रखरखाव के अभाव में खराब।
हजारों लोगों की सुरक्षा को खतरा, दुर्घटना की आशंका।
टाटा मोटर्स से तत्काल मरम्मत और नए उपकरण लगाने की मांग।
जासं, जमशेदपुर। टेल्को स्थित मिलेनियम पार्क में लगा ओपन जिम समुचित देखरेख और रखरखाव के अभाव में अब पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है।
पार्क में स्थापित कई व्यायाम उपकरण (राइडर) पूरी तरह खराब हो चुके हैं, जबकि अधिकांश मशीनों में जंग लगने और तकनीकी खराबी के कारण उनका उपयोग करना जोखिम भरा हो गया है।
पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा व्यायाम करने पहुंचते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
हजारों लोगों के स्वास्थ्य का केंद्र है मिलेनियम पार्क
टेल्को और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए यह पार्क स्वास्थ्य और फिटनेस का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे तक और शाम 4:00 बजे से रात 8:00 बजे तक हजारों की संख्या में लोग मॉर्निंग व इवनिंग वॉक के लिए आते हैं।
टहलने के साथ-साथ बड़ी संख्या में नागरिक ओपन जिम का उपयोग भी करते हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग और महिलाएं स्वास्थ्य लाभ के लिए इन मशीनों का नियमित इस्तेमाल करते हैं।
हालांकि, लंबे समय से मेंटेनेंस न होने के कारण कई मशीनें पूरी तरह ठप हो चुकी हैं, वहीं कई अन्य बेहद असुरक्षित स्थिति में हैं।
टाटा मोटर्स के अधिकारियों को सौंपा गया पत्र
मॉर्निंग वॉकर्स एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि इस समस्या को लेकर टाटा मोटर्स के टाउन डिवीजन प्रमुख रजत सिंह को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
एसोसिएशन का कहना है कि जब पार्क में प्रतिदिन सैकड़ों लोग ओपन जिम का उपयोग करते हैं, तो इसकी नियमित देखरेख और मरम्मत सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पार्क में नियमित रूप से आने वाले स्थानीय निवासी शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि टाटा मोटर्स ने नागरिकों की सुविधा के लिए ओपन जिम की स्थापना तो कर दी, लेकिन इसके रखरखाव को नजरअंदाज कर दिया गया।
बारिश के मौसम के बाद से अधिकांश उपकरणों में जंग लग चुकी है और कई पार्ट्स ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। यदि व्यायाम के दौरान कोई उपकरण टूटता है तो कोई भी व्यक्ति हादसे का शिकार हो सकता है।
10 साल पहले हुई थी मिलेनियम पार्क की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स ने 3 मार्च 2016 को संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 175वीं जयंती के अवसर पर टेल्को और आसपास के निवासियों को मिलेनियम पार्क की सौगात दी थी। इसका उद्घाटन टाटा संस के तत्कालीन चेयरमैन साइरस मिस्त्री ने किया था।
उस समय यह टेल्को कॉलोनी का पहला ऐसा आधुनिक पार्क था, जहां एक ही स्थान पर ओपन जिम, वॉक ट्रैक, बच्चों के खेलने की व्यवस्था और हरित वातावरण उपलब्ध कराया गया था।
यही वजह है कि उद्घाटन के बाद से ही यह पार्क टेल्को क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा सार्वजनिक स्थलों में शामिल हो गया।
नियमित रखरखाव और त्वरित मरम्मत की मांग
स्थानीय निवासियों और मॉर्निंग वॉकर्स का कहना है कि टाटा मोटर्स ने शहर में स्वास्थ्य और फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण कराया था।
ऐसे में कंपनी प्रबंधन को इसकी नियमित मरम्मत और रखरखाव की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए, ताकि पार्क की उपयोगिता बनी रहे और लोग सुरक्षित माहौल में व्यायाम कर सकें।
मॉर्निंग वॉकर्स एसोसिएशन और क्षेत्रीय निवासियों ने टाटा मोटर्स प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े सभी ओपन जिम उपकरणों की अविलंब मरम्मत कराई जाए।
आवश्यक उपकरणों को बदलकर नए उपकरण लगाए जाएं, जिससे हजारों लोगों को सुरक्षित और बेहतर फिटनेस सुविधाएं मिलती रहें।