छत्तीसगढ़ में मानगो का गांजा तस्कर गिरफ्तार, 4.5 करोड़ का माल जब्त
छत्तीसगढ़ पुलिस ने महासमुंद में केले से लदे एक ट्रक से 912 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
महासमुंद में केले ट्रक से 912 किलो गांजा जब्त।
जमशेदपुर निवासी अब्दुल नईम 4.5 करोड़ गांजे संग गिरफ्तार।
फर्जी नंबर प्लेट से ओडिशा-यूपी गांजा तस्करी का खुलासा।
जाटी, जमशेदपुर/महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने शनिवार को नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की। बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने केले से लदे एक ट्रक से 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
जमशेदपुर का 'पुराना खिलाड़ी' गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल तस्करी मामले में पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर (मानगो, ओल्ड पुरुलिया रोड) निवासी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नईम पहले भी जमशेदपुर में गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। वह एक शातिर अंतर्राज्यीय तस्कर है जो सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने में माहिर माना जाता है।
फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को चकमा देने की कोशिश थी
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और चार अलग-अलग राज्यों के फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुए हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई कि तस्कर पुलिस और टोल नाकों पर पहचान छिपाने के लिए रास्ते में अलग-अलग राज्यों के नंबर प्लेट बदलता रहता था। आरोपी यह खेप ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
ऑपरेशन 'केले की खेप'
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आईशर ट्रक (Eicher Truck) गांजे की खेप लेकर पलसापाली बैरियर की ओर आ रहा है। बसना पुलिस ने संयुक्त नाकेबंदी कर जब संदिग्ध ट्रक को रोका, तो ऊपर से वह केले की खेप से लदा नजर आया।
गहन तलाशी लेने पर केले के नीचे छिपी 29 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें भारी मात्रा में गांजा भरा था। पुलिस ने गांजा, ट्रक, मोबाइल और फर्जी दस्तावेजों सहित कुल 4.66 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया गया है।