जमशेदपुर में दिखेगी शाही विरासत और लोककला की झलक: लिटरेचर फेस्टिवल में आएंगे देश के नामचीन साहित्यकार
जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 का आयोजन 18-20 दिसंबर को 'विरासत और पर्यटन' थीम पर होगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित राजघरानों के सदस्य, साहित्यकार, कलाकार और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
-1794669972897_m.webp)
महोत्सव में विभिन्न शाही परिवारों की मौजूदगी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
HighLights
महोत्सव की मुख्य थीम 'विरासत और पर्यटन' है।
राजघराने के सदस्य और प्रसिद्ध साहित्यकार होंगे शामिल।
लोककला, संगीत, खानपान और पर्यटन पर विशेष सत्र।
जासं, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर एक बार फिर साहित्य, कला, संस्कृति और पर्यटन जगत की देशभर की नामचीन हस्तियों की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में 'जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0' का भव्य आयोजन आगामी 18 से 20 दिसंबर तक बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में किया जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव की मुख्य थीम 'विरासत और पर्यटन' रखी गई है, जिसके अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित राजघरानों से जुड़े व्यक्तित्वों के साथ-साथ प्रख्यात साहित्यकार, इतिहासकार, कलाकार, शिक्षाविद् और पत्रकार विभिन्न सत्रों में अपने विचार साझा करेंगे।
फेस्टिवल के संस्थापक एवं क्यूरेटर संदीप मुरारका ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के आयोजन में भारत की ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को विशेष स्थान दिया गया है।
महोत्सव में विभिन्न शाही परिवारों की मौजूदगी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। इनमें अयोध्या राजपरिवार के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं संगीतविद् डॉ. यतीन्द्र मिश्र, तमकुही राजघराने के कुंवर डॉ. वैदुर्य प्रताप शाही, भोपाल के जहांनुमा परिवार से जुड़ी प्रसिद्ध सिरेमिक एवं पॉटरी कलाकार बेगम सोनिया राशिद और रायगढ़ राजपरिवार की उर्वशी सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि उर्वशी सिंह का संबंध महाराजा चक्रधर सिंह की समृद्ध संगीत और सांस्कृतिक विरासत से है।
महोत्सव में लोककला और संगीत की छटा भी बिखरेगी। राजस्थान के प्रसिद्ध वीणा म्यूजिक एवं वीणा समूह के प्रबंध निदेशक हेमजीत मालू अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिन्होंने राजस्थानी लोकसंगीत और लोकनृत्य को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में अहम योगदान दिया है।
शैक्षणिक और साहित्यिक विमर्श को समृद्ध करने के लिए टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान (टीआईएसएस), मुंबई के कुलपति एवं साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित हिंदी कवि बद्रीनारायण शिरकत करेंगे।
इसके अतिरिक्त, म्यूजियम्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. आनंद बर्धन संग्रहालयों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
तीन दिवसीय इस आयोजन में पर्यटन, सिनेमा और खानपान की संस्कृति पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रसिद्ध यात्रा लेखक संजय शेफर्ड भारत के अनदेखे पर्यटन स्थलों और स्थानीय संस्कृति पर प्रकाश डालेंगे।
जबकि 'दिल्ली फूड वॉक्स' के संस्थापक अनुभव सपरा भारतीय व्यंजनों की सांस्कृतिक विरासत से श्रोताओं को रूबरू कराएंगे। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय साहित्य और सिनेमा के विविध पहलुओं पर संवाद करेंगे।
संदीप मुरारका के अनुसार, यह महोत्सव जमशेदपुरवासियों को देश की दिग्गज हस्तियों से सीधे संवाद करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य साहित्यिक विमर्श के साथ भारत की ऐतिहासिक धरोहर, लोककला, पारंपरिक संगीत, खानपान और पर्यटन को एक साझा मंच पर लाना है, ताकि विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ा जा सके।