विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के LIC भवन में भीषण आग से हड़कंप, बाल-बाल बची कर्मचारियों की जान

Published: Sun, 27 Sep 2026 08:18 AM (IST)

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एलआईसी भवन की दूसरी मंजिल पर शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। दमकल की पांच ...और पढ़ें

LIC बिल्डिंग में आग। फोटो जागरण

LIC बिल्डिंग में आग। फोटो जागरण

HighLights

  1. एलआईसी भवन की दूसरी मंजिल पर लगी भीषण आग।

  2. दमकल की पांच गाड़ियों ने तीन घंटे में आग बुझाई।

  3. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, कोई हताहत नहीं।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर के व्यस्त बिष्टुपुर इलाके में शनिवार देर रात भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) के भवन में भीषण आग लग गई। आग भवन की दूसरी मंजिल पर लगी, जिससे देखते ही देखते धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।

इससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। एलआइसी भवन के समीप स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा भवन के सुरक्षा कर्मियों की नजर सबसे पहले दूसरी मंजिल से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल एलआइसी प्रबंधन, पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की पांच गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत की।

आग आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए कई दिशाओं से पानी की बौछार की गई। रविवार सुबह करीब आठ बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दो कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला

घटना के समय भवन के अंदर मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

भवन की दूसरी मंजिल पर एलआइसी का कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल संचालित होता है। आग से वहां रखे फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। एलआइसी के वरिष्ठ अधिकारी भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।

शार्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- जसीडीह और बैद्यनाथधाम स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, रेल यात्रियों को मिलेंगी मॉडर्न सुविधाएं