विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बचपन स्क्वायर फीट में नहीं नापा जा सकता'... नीलोत्पल की बातों से भावुक और मणिका-विकास के व्यंग्य से लोटपोट हुए दर्शक

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:43 PM (IST)

जमशेदपुर में बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष कवि सम्मेलन में नीलोत्पल मृणाल, मणिका दुबे और विकास बौखल ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को हंसाया और भावुक किया। 

साकची स्थित राजेंद्र प्रेक्षागृह में आयोजित कवि सम्मेलन में नीलोत्पल मृणाल, मणिका दुबे और विकास बौखल ने भावों की बारिश व ठहाकों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक झूमते रहे।

साकची स्थित राजेंद्र प्रेक्षागृह में आयोजित कवि सम्मेलन में नीलोत्पल मृणाल, मणिका दुबे और विकास बौखल ने भावों की बारिश व ठहाकों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक झूमते रहे।

HighLights

  1. मणिका दुबे की शायरी और चुटकियों पर गूंजी वाह-वाह।

  2. नीलोत्पल मृणाल ने बचपन की पुकार से किया भावुक।

  3. विकास बौखल ने नेताओं पर छोड़े तीखे व्यंग्य बाण।

जासं, जमशेदपुर। जब शब्दों के समंदर में जज्बातों की कश्ती और व्यंग्य की पतवार एक साथ उतरें, तो शाम एक यादगार महफिल बन जाती है। 
 
गुरुवार संध्या साकची के स्वर्णरेखा लिंक रोड स्थित राजेंद्र प्रेक्षागृह में आयोजित बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष (1926-2026) कवि सम्मेलन में नीलोत्पल मृणाल, मणिका दुबे और विकास बौखल ने भावों की बारिश व ठहाकों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक झूमते रहे।
 

मणिका दुबे की शायरी और चुटकी पर गूंजी वाह-वाह 

हरे परिधान में मंच पर उतरीं कवयित्री मणिका दुबे ने अपनी सुरीली लय, मुस्कराती आंखों और सधे भाव-भंगिमाओं से शुरुआत में ही दर्शकों का मन मोह लिया। 
 
जैसे ही उन्होंने सुनाया- 'हमारे शहर में गिरने लगा है जोर का पानी, वहां बारिश हुई होगी तो क्या वो भीगता होगा', पूरा सभागार 'वाह-वाह' से गूंज उठा। 
 
इसके बाद 'मैं उसको हर जगह हर ओर ऐसे ढूंढती हूं कि, कोई पागल ही होगा जो किसी को ढूंढता होगा', 'आप तो आंख पढ़ भी सकते हैं' और 'कहीं निगाहें कहीं निशाना सही नहीं है' जैसे शेरों पर तालियां थमने का नाम नहीं ले रही थीं। 
 
महिला दर्शकों से चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि यदि तालियां न बजीं तो लोग औरत को ही औरत का दुश्मन मान लेंगे, जिस पर पूरा हॉल हंसी और तालियों की गड़गड़ाहट से खिलखिला उठा।
 

नीलोत्पल मृणाल के व्यंग्य और बचपन की पुकार 

सिर पर पीला साफा और काली जैकेट पहनकर मंच संभालते ही नीलोत्पल मृणाल ने अपने देसी ठेठ अंदाज से माहौल को गुदगुदा दिया। 
 
रील और इमोजी की मौजूदा पीढ़ी पर तंज कसते हुए उन्होंने पढ़ा- 'दिल टूटे तो बिस्तर पर ही झील बनाने वाले लड़के, उस दौर का जादू क्या जानें ये रील बनाने वाले लड़के।' 
 
स्कूल की दीवारों पर ईंट से दिल बनाने वाले दौर से लेकर आज के 15 रंग-बिरंगे दिल वाले इमोजी ('सफेद, भूरा, अलकतरा और काजल रंग') तथा 'बिट्टू के बाल देख घर में आइंस्टीन ढूंढने' वाले कटाक्ष पर दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
 
आज के बच्चों द्वारा चाचा को 'डैडी का भाई' व चाची को 'मम्मी की दुश्मन' बताने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने अचानक संजीदगी की चादर बिछा दी। 
 
'कहां गया हाय मेरा दिन वो सलोना रे, हाथों में था मेरे माटी का खिलौना रे' गीत पर सभागार भावुक हो उठा। उन्होंने संदेश दिया कि बचपन स्क्वायर फीट में नहीं नापा जा सकता, इसलिए उम्र के हर पड़ाव पर खुद में बचपन बचाए रखें।
 

नेताओं पर विकास बौखल का तीखा कटाक्ष 

वहीं, बाराबंकी से आए जाने-माने हास्य-व्यंग्य कवि विकास बौखल ने सियासत और सामाजिक विसंगतियों पर अपनी चुटीली रचनाओं 'कुछ और कहो इनका नेता न कहो' और 'पहले इस्तेमाल करो फिर विश्वास करो' से व्यंग्य के ऐसे तीर छोड़े कि श्रोता मुस्कुराते रहे। 
 
'हंसी के साथ, जीवन का संदेश' थीम पर सजी यह शताब्दी संध्या साहित्य प्रेमियों के दिलों में अमिट छाप छोड़ गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।