हल्के में न लें डायबिटीज: किडनी से लेकर आंखों तक को पहुंचा सकती है नुकसान, IMA के डॉक्टरों ने दी नियमित जांच की सलाह
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) जमशेदपुर ने विश्व डायबिटीज दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विशेषज्ञों ने बचाव के लिए नियमित जांच, संतुलित आहार व व्यायाम की सलाह दी।

समय पर पहचान और उचित उपचार न होने पर डायबिटीज शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है।
HighLights
डायबिटीज शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर रूप से प्रभावित करती है।
30 वर्ष के बाद नियमित ब्लड शुगर जांच आवश्यक है।
संतुलित आहार, व्यायाम और दवा डायबिटीज प्रबंधन के आधार हैं।
जासं, जमशेदपुर। डायबिटीज एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जिसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। समय पर पहचान और उचित उपचार न होने पर यह शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है।
इससे बचाव और नियंत्रण के लिए संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम और चिकित्सकीय सलाह बेहद जरूरी है।
विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से साकची स्थित IMA भवन में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें शहर के जाने-माने विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम में फिजिशियन डॉ. निर्मल कुमार ने कहा कि 30 वर्ष की उम्र पार करने के बाद प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से अपने ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।
डॉ. नंदवानी और डॉ. कल्याण कुमार ने खराब जीवनशैली और अनियमित खान-पान को इस बीमारी का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने पर शरीर के अन्य अंग भी गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि अनियंत्रित डायबिटीज के कारण बड़ी संख्या में लोग किडनी की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
वहीं, IMA सचिव डॉ. सौरभ चौधरी ने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए बताया कि देश में करीब 10 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जिनमें से तीन से पांच करोड़ लोगों को तो अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं है।
डॉ. सुरेश चौबे ने डायबिटीज प्रबंधन के तीन प्रमुख आधार- संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और दवा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक गतिविधियों से ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
इसके अलावा, डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि डायबिटीज का बुरा असर आंखों की रोशनी पर भी पड़ता है, इसलिए मरीजों को समय-समय पर नेत्र जांच जरूर करानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. जयदीप नंदी, डॉ. देवेश बहादुर और डॉ. एसके कुंडू सहित कई अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सक उपस्थित रहे।