विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: जमशेदपुर में गरमाया ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का मामला, ग्रामीणों ने दी चेतावनी; कहा- आस्था से खिलवाड़ मंजूर नहीं

By Ch RaoEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Sun, 15 Nov 2026 03:54 PM (IST)

जमशेदपुर के मनपीटा गांव में प्रस्तावित हेवी मोटर व्हीकल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (IDTR) परियोजना का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ...और पढ़ें

HighLights

  1. मनपीटा में IDTR परियोजना का ग्रामीण कर रहे हैं तीव्र विरोध।

  2. गोटपूजा मैदान और जाहेरथान को बचाने की है मुख्य मांग।

  3. प्रशासन से ग्रामसभा तक निर्माण कार्य रोकने की अपील।

जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर प्रखंड के हुरलुंग पंचायत अंतर्गत मनपीटा राजस्व ग्राम में प्रस्तावित हेवी मोटर व्हीकल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (IDTR) परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। 
 
पारंपरिक गोटपूजा मैदान और जाहेरथान के संरक्षण की मांग को लेकर रविवार को ग्राम प्रधान गौतम कर्मकार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। 
 
बैठक में ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपनी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की कीमत पर निर्माण स्वीकार नहीं करेंगे। 

धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है स्थल 

ग्रामीणों ने बैठक में चर्चा करते हुए कहा कि परियोजना के लिए चिह्नित भूमि पर स्थित गोटपूजा मैदान और जाहेरथान महतो समुदाय की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक पहचान के प्रमुख केंद्र हैं। 
 
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पारंपरिक धार्मिक स्थलों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 20 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे गांव के गोटपूजा मैदान में एक विशेष ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। 
 
इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। ग्रामसभा में ग्रामीणों की आपत्तियों और सांस्कृतिक महत्व के पहलुओं पर खुली चर्चा के बाद ही परियोजना के भविष्य को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। 

प्रशासन से निर्माण कार्य रोकने की मांग

बैठक में कृष्णा लोहार ने कहा कि ऐसे मामलों में ग्रामीणों की भावनाओं और ग्रामसभा की सहमति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। 
 
वहीं, अजीत तिर्की ने कहा कि ग्रामसभा गांव के सामूहिक हितों का महत्वपूर्ण मंच है। इसलिए, 20 नवंबर को होने वाली ग्रामसभा से पहले किसी भी तरह का निर्माण कार्य आगे बढ़ाना उचित नहीं है। 
 
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्रामसभा की बैठक तक स्थल पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों पर तुरंत रोक लगाई जाए और ग्रामसभा के निर्णय का सम्मान किया जाए। 
 
बैठक के अंत में ग्रामीणों ने अपनी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।