विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update : जमशेदपुर में आसमान से बरसेगी आग! 6 दिनों में 42°C पार करेगा तापमान

Published: Sun, 12 Apr 2026 11:00 PM (IST)

जमशेदपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों में तापमान 42 डिग्री ...और पढ़ें

चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए दुपट्टेसे मुंह ढककर जातीं स्‍कूटी सवार युवतियां।

चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए दुपट्टेसे मुंह ढककर जातीं स्‍कूटी सवार युवतियां।

HighLights

  1. स्वास्थ्य विभाग ने लू और डिहाइड्रेशन के लिए अलर्ट जारी किया।

  2. सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस काउंटर स्थापित किए गए।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। लौहनगरी में अब सूर्य देव के तेवर कड़े होने वाले हैं। अप्रैल के शुरुआती दिनों की राहत के बाद अब जमशेदपुर भीषण गर्मी की चपेट में आने को तैयार है। 
 
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, अगले छह दिनों के भीतर शहर का पारा तेजी से चढ़ते हुए 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया है।
 

तापमान का गणित: 18 अप्रैल तक चुनौतीपूर्ण हालात 

रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन सोमवार से इसमें लगातार उछाल आने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक: 

  •     सोमवार: 40 डिग्री सेल्सियस
  •     17 अप्रैल: 41 डिग्री सेल्सियस
  •     18 अप्रैल: 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

    अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि मई के महीने में गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 45 डिग्री तक जा सकती है। आने वाले 6 दिन शहरवासियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित होंगे। 

 

सड़कों पर सन्नाटा और लू का खतरा

तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही लू (Heat Wave) चलने की भी प्रबल संभावना है। डॉक्टरों का कहना है कि 42 डिग्री तापमान में शरीर में पानी की कमी (Dehydration) तेजी से होती है, जिससे चक्कर आना, थकान और बेहोशी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं।
 
विशेष रूप से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच सड़कों पर आवाजाही घटने की उम्मीद है। यह स्थिति बच्चों और बुजुर्गों के लिए सबसे अधिक जोखिम भरी मानी जा रही है।
 

स्वास्थ्य विभाग की मोर्चाबंदी: हर केंद्र पर ओआरएस काउंटर

गर्मी के प्रकोप से निपटने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता तैयारी की है। जमशेदपुर के सभी 9 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में विशेष ओआरएस (ORS) काउंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। 

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ओपीडी में आने वाले मरीजों को तत्काल राहत देने के लिए ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को लू से बचाव के लिए खान-पान और सावधानियों के प्रति जागरूक करेंगे। गंभीर स्थिति होने पर मरीजों की प्राथमिक जांच कर उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास भेजने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
 

इन बीमारियों का बढ़ा खतरा

तेज धूप और गर्मी के कारण निम्नलिखित बीमारियों के मामले बढ़ सकते हैं:

  •     हीट स्ट्रोक (लू लगना)
  •     डिहाइड्रेशन (पानी की कमी)
  •     उल्टी और दस्त (Gastroenteritis)
  •     सिरदर्द, कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन।


बचाव के लिए जरूरी टिप्स  

  •     भरपूर पानी पिएं: प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें।
  •     सही पहनावा: बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूतीकपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें (टोपी या छाते का प्रयोग करें)।
  •     समय का ध्यान: दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।
  •     खान-पान: घर का बना ताजा खाना खाएं। ज्यादा मसालेदार, तैलीय और बाहर के खुले खाने से परहेज करें। 

गर्मी के मौसम में खुद को हाइड्रेटेड रखना सबसे जरूरी है। लोग अधिक से अधिक पानी पिएं और सीधी धूप में निकलने से बचें। यदि किसी को भी चक्कर, उल्टी या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। हमने जिले के सभी केंद्रों पर ओआरएस और अन्य जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है।

-

- डॉ. साहिर पाल, सिविल सर्जन, जमशेदपुर