जमशेदपुर में आफत बनी गर्मी: बिष्टुपुर में सड़क पर गिरे शख्स की मौत, लू की आशंका; 4 दिन में 4 ने गंवाई जान
जमशेदपुर में भीषण गर्मी जानलेवा साबित हो रही है, जहां चार दिनों में चार लोगों की मौत हो चुकी है, ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
बिष्टुपुर में सड़क पर गिरे व्यक्ति की लू से संदिग्ध मौत।
मौसम विभाग ने 28 मई तक बारिश का येलो अलर्ट दिया।
जमशेदपुर में पारा 40.5 डिग्री पार, उमस ने किया बेहाल
शहर में लगातार बढ़ती गर्मी और अत्यधिक उमस ने लोगों को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें पूरी तरह सूनी नजर आ रही हैं और लोग बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
रविवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.5°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29°C रहा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण एमजीएम और अन्य अस्पतालों में कमजोरी, चक्कर, उल्टी और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
इस घटना से पहले भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन के अनुसार, अब तक किसी भी मामले में आधिकारिक रूप से लू से मौत की पुष्टि नहीं की गई है। सभी मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
डॉक्टरों का कहना है कि वर्तमान मौसम को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी बीमारी (जैसे बीपी, शुगर) से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सीधी धूप में निकलने से बचें और लगातार पानी पीते रहें।
मौसम विभाग की राहत भरी खबर: 28 मई तक येलो अलर्ट
भीषण गर्मी से त्रस्त जमशेदपुर वासियों के लिए राहत की खबर भी है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने 25 मई से 28 मई तक के लिए तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में आसमान में बादल छाने और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को इस जानलेवा गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग ने मौसम बदलने तक लोगों को सुरक्षित रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी है।
