विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jamshedpur Half Marathon: 21 किमी में सुनील-पूजा बने विजेता, 80 वर्षीय रामनाथ सिंह की फुर्ती ने बटोरी तालियां

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:58 PM (IST)

टाटा स्टील हाफ मैराथन के 11वें संस्करण में 5,600 से अधिक धावकों ने 'हरित भविष्य के लिए दौड़ें' थीम पर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स से शुरू होकर स्ट्रेट माइल रोड, सीएच एरिया, मरीन ड्राइव और जुबिली पार्क तक का पूरा मार्ग उत्साह व ऊर्जा का केंद्र बन गया।

जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स से शुरू होकर स्ट्रेट माइल रोड, सीएच एरिया, मरीन ड्राइव और जुबिली पार्क तक का पूरा मार्ग उत्साह व ऊर्जा का केंद्र बन गया।

HighLights

  1. टाटा स्टील हाफ मैराथन में 5,600 से अधिक धावकों ने भाग लिया।

  2. 21 किमी दौड़ में सुनील कुमार और पूजा वर्मा चैंपियन बने।

  3. 80 वर्षीय रामनाथ सिंह की ऊर्जा ने सभी को प्रभावित किया।

जासं, जमशेदपुर। घड़ी की सुई ने जैसे ही सुबह छह बजाए, गुलाबी ठंड की चादर ओढ़े जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स तालियों, संगीत और कदमों की थाप से गूंज उठा। 
 
हरित भविष्य के लिए दौड़ें... थीम पर आयोजित टाटा स्टील हाफ मैराथन के 11वें संस्करण में 5,600 से अधिक धावकों ने हिस्सा लेकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
 
सुबह होते ही स्टेडियम के भीतर और बाहर मेले जैसा माहौल नजर आया। रंग-बिरंगी जर्सियों में सजे प्रतिभागी वॉर्म-अप करते, स्टॉपवाच मिलाते और हाथ हिलाकर एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते दिखे। 
 
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स से शुरू होकर स्ट्रेट माइल रोड, सीएच एरिया, मरीन ड्राइव और जुबिली पार्क तक का पूरा मार्ग उत्साह व ऊर्जा का केंद्र बन गया। 
 
21 किमी स्पर्धा (476 एथलीट) को रुचि नरेंद्रन, वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदरा रामम और बिना ऑक्सीजन एवरेस्ट विजेता अस्मिता दोर्जी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि 10 किमी दौड़ (1,514 धावक) को पद्मश्री पूर्णिमा महतो ने रवाना किया।
 

पसीने की बूंदों के बीच जीत की चमक 

सर्द हवा के बीच धावकों के माथे पर चमकती पसीने की बूंदें उनके जुनून की गवाह बन रही थीं। चेहरे पर थकान के बजाय मंजिल पाने का उत्साह साफ झलक रहा था। 
 
पेशेवर धावक सधे कदमों से रफ्तार पकड़ते दिखे, वहीं युवाओं की टोलियां संगीत की धुन पर थिरकती, मुस्कुराती और सेल्फी लेती नजर आईं। 
 
पांच किमी दौड़ (2,190 प्रतिभागी) को प्रोबाल घोष, डीएसपी नीरज, उमेश विक्रम व सौरभ तिवारी तथा दो किमी दौड़ (1,483 प्रतिभागी) को रंजन कुमार सिंह व एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने रवाना किया।
 

नन्हे कदमों की किलकारी और बुजुर्गों का जज्बा 

आयोजन का सबसे आकर्षक नजारा दो किमी दौड़ में देखने को मिला, जहां माताओं की उंगली थामे नन्हे बच्चे खिलखिलाते हुए आगे बढ़ रहे थे। 
 
बच्चों के उत्साही कदमों और मां की ममताभरी मुस्कान ने पूरे ट्रैक को जीवंत बना दिया। इसी दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग धावक रामनाथ सिंह की फुर्ती ने सभी को प्रभावित किया। 
 
उन्होंने कहा कि उम्र महज एक आंकड़ा है और दौड़ने का जज्बा दिल को जवान बनाए रखता है। वहीं बेटे के साथ दौड़ीं अनुराधा ने इस सुबह को अपने लिए बेहद यादगार बताया।
 

फिनिशिंग लाइन पर छलकी मुस्कान 

पूरे मार्ग पर तैनात वालंटियरों के प्रोत्साहन ने धावकों में नई ऊर्जा भरी। फिनिशिंग लाइन पार करते ही प्रतिभागियों के चेहरे पर ऐसी मुस्कान खिली मानो उन्होंने कोई बड़ा शिखर छू लिया हो। 
 
10 किमी दौड़े युवा धावक रोहन ने बताया कि दर्शकों की तालियों की गूंज ने आखिरी दो किमी की थकान को पूरी तरह मिटा दिया। “रन फॉर द ग्रीनर टुमारो” के संदेश के साथ यह सुबह शहरवासियों के लिए फिटनेस के उत्सव में बदल गई।
 

हाफ मैराथन में सुनील व पूजा चैंपियन tata mairathon1

 
टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन के 11वें संस्करण की 21 किमी स्पर्धा में सुनील कुमार और उत्तर प्रदेश की पूजा वर्मा चैंपियन बने। 
 
दोनों विजेताओं को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। तीनों प्रमुख स्पर्धाओं में कुल 9.18 लाख रुपये के पुरस्कार वितरित किए गए।
 
21 किमी (पुरुष व महिला): पुरुष वर्ग में सुनील कुमार ने 1:04:27 घंटे के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो (1:05:18) दूसरे, प्रशांत चौधरी (1:05:44) तीसरे तथा झारखंड के बबलू टुडू (1:09:22) व धनंजय महतो (1:09:27) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। 
 
महिला वर्ग में पूजा वर्मा ने 1:17:52 घंटे में खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश की फूलन पाल (1:18:01) दूसरे, गुड़िया (1:30:35) तीसरे तथा झारखंड की बमई तिरिया (1:46:18) व सबित्री गुइया (1:51:56) चौथे-पांचवें स्थान पर रहीं। प्रथम पांच विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 75 हजार, 51 हजार, 31 हजार और 11 हजार रुपये मिले।
 
10 किमी (पुरुष व महिला): पुरुष 10 किमी दौड़ में पश्चिम बंगाल के दीप पंडित (30:16 मिनट) प्रथम, अर्जुन टुडू (30:45) द्वितीय, उत्तर प्रदेश के अजय कुमार बिंद (30:57) तृतीय तथा झारखंड के राहुल (31:29) व पवन सिंह (36:03) चौथे-पांचवें रहे। 
 
महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की नंदिनी गुप्ता (35:15 मिनट) प्रथम, ज्योति (36:18) द्वितीय, बिहार की पूजा सिंह (36:22) तृतीय, उत्तर प्रदेश की नेहा पटेल (38:09) चौथे और झारखंड की रूबी कुमारी (39:49) पांचवें स्थान पर रहीं। इन्हें क्रमशः 51, 41, 31, 21 और 11 हजार रुपये प्रदान किए गए।
 
पांच किमी (पुरुष व महिला): पांच किमी स्पर्धा में ओडिशा के राजेश केराई (16:35 मिनट) प्रथम, निखिल कुमार (16:59) द्वितीय, झारखंड के गुमडी मुंडा (17:01) तृतीय तथा भैरो हेम्ब्रम (17:08) व सुरेश गिलुआ (17:12) चौथे-पांचवें रहे।
 
महिला वर्ग में बंगाल की मनाली सिंघा (18:17) प्रथम, झारखंड की ममता कुमारी (19:15) द्वितीय, ओडिशा की सुलोचना नायक (20:34) तृतीय तथा झारखंड की माया माझी (20:56) व ओडिशा की बेलाबती टुडू (20:59) चौथे-पांचवें स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्रमशः 10, आठ, सात, छह और पांच हजार रुपये मिले।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।