डोबो के संग्राम में प्रकाश नायक
विशाल मुखी व प्रकाश नायक के सहारे जममशेदपुर फुटबॉल अकादमी ने आसान जीत दर्ज की।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विशाल मुखी व प्रकाश नायक के सहारे जममशेदपुर फुटबॉल अकादमी ने जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में टिनप्लेट ग्राउंड में खेले गए ए डिवीजन फुटबॉल लीग के एक मुकाबले में डोबो संग्राम संघ को 2-1 से पराजित कर दिया।
मैदान में उतरते ही दोनों टीमों के खिलाड़ी शुरुआती बढ़त बनाने के लिए जी जान से कोशिश करते दिखे। कभी जमशेदपुर फुटबॉल अकादमी के लड़ाके आगे बढ़ते तो कभी डोबो संग्राम संघ के खिलाड़ी विरोधी खेमे पर हमला बोलते। इसी बीज 32वें मिनट में विशाल मुखी ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर दिया। मध्यांतर तक जमशेदपुर फुटबॉल अकादमी 1-0 से आगे था। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रमकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। खेल के 39वें मिनट में प्रकाश नायक ने शानदार मैदानी गोल कर जमशेदपुर फुटबॉल अकादमी को 2-0 से बढ़त दिला दी। इस दोहरे झटके ने डोबो संग्राम संघ को झकझोड़ कर रख दिया। टीम के खिलाड़ियों ने सामूहिक प्रयास किया, लेकिन जमशेदपुर फुटबॉल अकादमी की रक्षा पंक्ति इस हमले के लिए पहले से ही सतर्क थी। इस दौरान उन्हें गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन आपसी सामंजस्य के अभाव में सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच 54वें मिनट में जर्सी नंबर 23 ने शानदार मैदानी गोल कर जमशेदपुर फुटबॉल अकादमी की बढ़त के अंतर को कम कर मुकाबले को 2-1 पर ला खड़ा किया। अंत तक डोबो ने मुकाबले को कम से कम ड्रॉ तक लाने का अथक प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पाई।
रफ प्ले के लिए रेफरी ने जमशेदपुर फुटबॉल अकादमी के गुरुचरण हांसदा को 55वें मिनट में, सूरज सोय को 57वें मिनट में तथा डोबो संग्राम संघ को 20वें मिनट में तथा विकास महतो को 33वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया। दो येलो कार्ड देखने के कारण विकास को मैदान से बाहर जाना पड़ा। मैच के रेफरी उदय भूमिज, फाटू किस्कू, बबलू लोहार व दुर्गा टुडू थे।