फर्नेस पर मेन ऑफ स्टील ने किया ब्लास्ट, केरला सन्न Jamshedpur News
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में रविवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग के एक रोमांचक मुकाबले में केरला ब्लास्टर्स को 3-2 से पराजित कर पूरे अंक अर्जित कर लिए।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। फर्नेस फैंस के उत्साह के ज्वार से धधक रहा था। और इस ज्वार में मेहमान केरला ब्लास्टर्स के अरमान राख हो गए। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में रविवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग के एक रोमांचक मुकाबले में केरला ब्लास्टर्स को 3-2 से पराजित कर पूरे अंक अर्जित कर लिए।
छठे स्थान पर पहुंचा जमशेदपुर एफसी
इस मैच से हासिल तीन अंकों के साथ जमशेदपुर एफसी अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है। यह छह मैच के बाद जमशेदपुर एफसी की पहली जीत है। इसके पहले जमशेदपुर एफसी 26 नवंबर को गोवा के खिलाफ जीत हासिल की थी। दूसरी ओर, ब्लास्टर्स को लगातार दो जीत के बाद हार मिली है। इस सीजन के पहले मुकाबले में ब्लास्टर्स ने जमशेदपुर को 2-0 से हराया था।
ओग्बेचे के आत्मघाती गोल से जीती मेजबान टीम
यह मैच हालाकि 2-2 की बराबरी पर समाप्त होता दिख रहा था लेकिन ब्लास्टर्स के कप्तान बार्थोमोलोव ओग्बेचे के आत्मघाती गोल ने जमशेदपुर को खुशी मनाने का मौका दे दिया। ओग्बेचे ने 86वें मिनट में आत्मघाती गोल किया। 56वें मिनट में ओग्बेचे ने गोल करते हुए ब्लास्टर्स को 2-1 से आगे कर दिया था लेकिन सर्जियो कास्टेल ने 75वें मिनट में हासिल पेनाल्टी पर गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया था।
पहले हाफ में दोनों टीमें बराबरी पर
पहला हाफ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मैच का पहला गोल केरला ब्लास्टर्स के लिए मेसी बाउली ने 11वें मिनट में किया जबकि नोए एकोस्टा ने 39वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। 15वें मिनट में हालाकि मेसी को ब्लास्टर्स का स्कोर 2-0 करने का मौका मिला था लेकिन वह चूक गए।
चोट के कारण बाहर हुए तिरी
इस बीच 24वें मिनट में जमशेदपुर के स्टार खिलाड़ी तिरी चोट के कारण मैदान से बाहर जाने को मजबूर हुए। तिरी को स्कैन के लिए सीधे अस्पताल ले जाया गया। वैसे मैच की शुरुआत ही फाउल के साथ हुई थी। अभी 30 सेकेंड भी नहीं बीते थे कि जमशेदपुर के जॉयनर लारेंसो को मोहमादोउ के खिलाफ फाउल करने पर पीला कार्ड मिला।
गोलकीपर सुब्रता ने की गलती और गोल
अगले 10 मिनट तक मैदान पर कोई बड़ा हरकत नहीं हुआ लेकिन 10वें मिनट में मेसी ने बॉक्स के अंदर से एक सीधा और तेज शॉट लिया लेकिन सुब्रत पाल बीच में आ गए। इसके एक मिनट बाद ही मेसी ने गोल करते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। यह गोल जमशेदपुर के डिफेंस और खुद पॉल की गलती का नतीजा था। इसके चार मिनट बाद मेसी गोल करने का एक और मौका गंवा बैठे। मेसी और पॉल आमने-सामने थे। मेसी ने शॉट लिया और पॉल ने स्लाइड करते हुए गेंद को दिशाहीन कर दिया लेकिन इस प्रयास में वह टिरी से टकरा गए। तिरी को सीने में चोट लगी। उन्हें स्ट्रेचर से बाहर ले जाया गया।
दूसरा पीला कार्ड मिलने के बाद हाकू बाहर
तिरी के जाने से बाद जमशेदपुर ने जोर लगाया और 39वें मिनट में काफी दूरी से मिले क्रॉस पर गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। इंज्युरी टाइम में ब्लास्टर्स के कप्तान बार्थोलोमेव ओग्बेचे को पीला कार्ड मिला। ओग्बेचे अब मुश्किल में थे क्योंकि उन्हें सावधान करते हुए अपनी टीम को आगे ले जाना था। 50वें मिनट में ब्लास्टर्स के अब्दुल हाकू को दूसरा पीला कार्ड मिला और वह मैदान से बाहर जाने को मजबूर हुए। उन्हें 31वें मिनट में भी पीला कार्ड मिला था।
ओग्बेचे ने हेडर के सहारे किया गोल
अब ओग्बेचे और सावधान थे। हालाकि इस क्रम में ओग्बेचे ने 56वें मिनट में सफलता हासिल की और अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। ओग्बेचे ने रन-ऑफ-प्ले के खिलाफ जाकर हेडर के जरिए गोल किया और एक बार फिर अपनी टीम को आगे कर दिया।
सर्जियो कास्टेल ने पेनाल्टी से किया गोल
इस गोल से आहत जमशेदपुर 66वें मिनट में अपने स्टार स्ट्राइकर सर्जियो कास्टेल को मैदान पर लेकर आया। कास्टेल का आना मेजबान टीम के लिए लकी साबित हुआ क्योंकि 72वें मिनट में मेजबानों को पेनाल्टी मिला, जिस पर 75वें मिनट में गोल करते हुए कास्टेल ने अपनी टीम को 2-2 की बराबरी दिला दी। 78वें मिनट में जमशेदपुर को एकोस्टा को पीला कार्ड मिला। 84वें मिनट में कास्टेल के पास अपनी टीम के लिए निर्णायक गोल करने का शानदार मौका था लेकिन वह चूक गए। कास्टेल को अइतोर मोनरोए द्वारा लिए गए कार्नर पर अपने पास आई गेंद को बस सही दिशा देना था लेकिन वह टीपी रेहनेश के हाथों में मार बैठे।
ओग्बेचे ने की गलती और केरला सन्न
इसकी भरपाई हालाकि मेहमान टीम कप्तान ओग्बेचे ने 86वें मिनट में किए गए आत्मघाती गोल से कर दिया। जमशेदपुर 3-2 से आगे हो चुका था। यह गोल उसे किस्मत से मिली थी और इसकी बदौलत हासिल तीन अंकों से वह छठे स्थान पर पहुंच गया।