जमशेदपुर में विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई, 372 ठिकानों पर छापेमारी; 36 पर FIR और ₹9 लाख का जुर्माना वसूला
विद्युत विभाग ने जमशेदपुर सर्किल में बिजली चोरी और लंबे समय से बिल जमा न करने वाले बकाएदारों के खिलाफ ...और पढ़ें

पूर्वी सिंहभूम में गुरुवार को सर्किल क्षेत्र के विभिन्न प्रमंडलों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।
HighLights
372 परिसरों की जांच की गई, 36 लोगों पर FIR दर्ज हुई।
बकाया और जुर्माना राशि के रूप में ₹9 लाख से अधिक वसूले गए।
जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर सर्किल में बिजली चोरी और लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले बकाएदारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
विद्युत महाप्रबंधक अजित कुमार के दिशानिर्देश पर गुरुवार को सर्किल क्षेत्र के विभिन्न प्रमंडलों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने 36 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई और बकाया व जुर्माना राशि के रूप में ₹9,07,026 की वसूली की।
372 परिसरों में चला सघन जांच अभियान
जमशेदपुर एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक अजित कुमार ने बताया कि जमशेदपुर सर्किल के अंतर्गत आने वाले चार प्रमुख डिवीजनों- घाटशिला, मानगो, जमशेदपुर और आदित्यपुर में कुल 372 परिसरों और घरों में सघन छापेमारी की गई।
इस दौरान भारी मात्रा में अवैध बिजली उपयोग और लंबे समय से बकाया भुगतान न करने के मामले सामने आए।
डिवीजन वार कार्रवाई का विवरण:
- घाटशिला डिवीजन: सबसे अधिक 118 घरों में छापेमारी की गई, जिनमें से 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
- आदित्यपुर डिवीजन: 102 परिसरों में जांच की गई, जहाँ बिजली चोरी और अनियमितता के मामले में 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई।
- मानगो डिवीजन: 80 घरों में अभियान चलाकर 9 लोगों के विरुद्ध थानों में मामला दर्ज कराया गया।
- जमशेदपुर डिवीजन: 72 परिसरों में छापेमारी के दौरान 5 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया गया।
कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
महाप्रबंधक अजित कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों और समय पर बिल का भुगतान न करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और असुविधा से बचने के लिए अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान शीघ्रता से करें तथा केवल अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें।
