विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jamshedpur News : गालूडीह में पुतरू टोल प्लाजा के पास चलती कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे सवार

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:40 PM (GMT+05:30)

गालूडीह में एनएच-18 पर पुतरू टोल प्लाजा के पास एक चलती डस्टर कार में भीषण आग लग गई, जिससे कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

जमशेदपुर में पुतरू टोल प्लाजा के समीप मंगलवार को एक चलती हुई डस्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई।

जमशेदपुर में पुतरू टोल प्लाजा के समीप मंगलवार को एक चलती हुई डस्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई।

HighLights

  1. पुतरू टोल प्लाजा के पास हुई दुर्घटना में कार पूरी तरह जली।

  2. कार सवार सभी लोग सुरक्षित, किसी को कोई चोट नहीं आई।

जासं, जमशेदपुर। गालूडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-18 (पुराना एनएच-33) पर पुतरू टोल प्लाजा के समीप मंगलवार को एक चलती हुई डस्टर कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। 
 
कार जलकर पूरी तरह राख हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कार में सवार सभी लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
 

चलती कार से उठने लगीं लपटें, मची अफरा-तफरी 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग घाटशिला में आयोजित एक सांगठनिक बैठक में हिस्सा लेने के बाद वापस लौट रहे थे। 
 
जैसे ही उनकी डस्टर कार जमशेदपुर-बहरागोड़ा फोरलेन मार्ग पर स्थित पुतरू टोल प्लाजा के पास पहुंची, अचानक वाहन से लपटें उठने लगीं।
 
कार से आग की लपटें निकलते देख वाहन में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूझबूझ दिखाते हुए सभी लोग तुरंत कार से सुरक्षित बाहर निकल आए। 
 
इसके बाद आसपास के स्थानीय लोगों ने बाल्टियों में पानी डालकर आग बुझाने का असफल प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि उसने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। 
 
कुछ ही देर में वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हाईवे के किनारे जलती हुई कार को देखने के लिए मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। 
 
गौरतलब है कि जमशेदपुर-महुलिया के 44.2 किलोमीटर लंबे फोरलेन खंड पर बना यह पुतरू टोल प्लाजा कोकपाड़ा से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
 

बर्मामाइंस में अकेलेपन से परेशान युवक ने की खुदकुशी 

दूसरी ओर, शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा कुटी कैरेज कॉलोनी निवासी मंगल मंडल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया है।
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगल मंडल घर पर ही लकड़ी की पॉलिश का काम करके अपना गुजर-बसर करता था। 
 
उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी, लेकिन विवाह के कुछ महीनों बाद ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से वह घर में पूरी तरह अकेला रह रहा था।
 
परिचितों ने बताया कि पत्नी के साथ छूटने के बाद से वह लगातार अकेलेपन और गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था, जिससे उसके व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था। 
 
मंगलवार को तनाव से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। 
 
कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।