पोर्ट पर उतरते ही डिलीवरी : जमशेदपुर में बिकीं ढाई करोड़ की लैंड क्रूजर, जानिए Dhanteras पर कारों का ट्रेंड
जमशेदपुर में धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार में जबरदस्त उछाल देखा गया, जहां लग्जरी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की भारी मांग है।

शहर में लग्जरी से लेकर प्रीमियम, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है।
HighLights
ढाई करोड़ की लैंड क्रूजर सहित लग्जरी कारों की बंपर बुकिंग।
हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर ग्राहकों का बढ़ता रुझान।
जासं, जमशेदपुर। धनतेरस के पावन अवसर पर जमशेदपुर का ऑटोमोबाइल बाजार पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। शहर में लग्जरी से लेकर प्रीमियम, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है।
बढ़ती क्रय शक्ति, बेहतर आय और आइटी सेक्टर में रोजगार के नए अवसरों के चलते ग्राहक करोड़ों रुपये की गाड़ियों पर दिल खोलकर खर्च कर रहे हैं।
2.50 करोड़ की लैंड क्रूजर और 1.50 करोड़ की हाइलेक्स की बुकिंग
शहर के लग्जरी कार बाजार में सबसे ज्यादा ध्यान टोयोटा के प्रीमियम वाहनों ने खींचा है। टोयोटा के अधिकृत डीलर बेबको टोयोटा में लगभग 2.50 करोड़ रुपये कीमत वाली लैंड क्रूजर की 4 कारें और करीब 1.50 करोड़ रुपये की हाइलेक्स की 5 कारों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
इसके अलावा 55 लाख रुपये वाली कैमरी की 5 यूनिट्स बुक की गई हैं। विदेशों से आयात होने वाली इन कारों की मांग इतनी अधिक है कि पोर्ट पर वाहन पहुंचते ही ग्राहक डिलीवरी लेने के लिए तैयार बैठे हैं।
बेबको टोयोटा की सेल्स वाइस प्रेसिडेंट दिशिका भालोटिया के अनुसार, 45 से 65 लाख रुपये वाली फॉर्च्यूनर की 103, हाइब्रिड इनोवा हाईक्रॉस की 92 और इनोवा क्रिस्टा की 75 बुकिंग दर्ज की गई हैं।
धनतेरस को लेकर अब तक 250 से अधिक लग्जरी और प्रीमियम वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। ग्राहकों के लिए 30 हजार रुपये तक का एक्सचेंज बोनस और चुनिंदा मॉडलों पर 50 हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है।
टाटा मोटर्स ने रखा 500 कारें बेचने का लक्ष्य
टाटा मोटर्स के आदित्यपुर शोरूम में भी ग्राहकों का भारी उत्साह देखा जा रहा है। कंपनी ने इस धनतेरस पर 500 से अधिक कारें बेचने का लक्ष्य रखा है।
पंच, एरिस और सिएरा ईवी को लेकर ग्राहकों में खासा क्रेज है। हालांकि, भारी मांग के कारण कई मॉडलों पर लंबी वेटिंग चल रही है:
- पंच ईवी: करीब 180 दिन (6 महीने) की वेटिंग
- नेक्सन और पंच (पेट्रोल): 45 से 60 दिन की वेटिंग
- एरिस: 2 महीने की वेटिंग
कंपनी द्वारा नेक्सन पेट्रोल पर 80 हजार से 1 लाख रुपये तक और अल्काजार पर 70 हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है।
महिंद्रा की XUV AX7 पर 240 दिनों की लंबी वेटिंग
महिंद्रा के बालाजी ऑटो वर्क्स शोरूम में भी 105 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। सेल्स मैनेजर अंजिली मुर्मू के अनुसार, एक्सयूवी के नए मॉडल AX7 की सबसे अधिक मांग है, जिस पर 240 दिनों (8 महीने) तक की वेटिंग चल रही है।
इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 13.98 लाख रुपये से लेकर टॉप मॉडल के लिए 25.99 लाख रुपये तक है। वहीं ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए थार रॉक्स का नया मॉडल भी उतारा गया है, जिसकी कीमत करीब 27.50 लाख रुपये तक है।
जमशेदपुर के कार बाजार में इस बार पारंपरिक पेट्रोल-डीजल के मुकाबले हाइब्रिड और ईवी सेगमेंट में ग्राहकों का बढ़ता रुझान एक नया ट्रेंड स्थापित कर रहा है।