जमशेदपुर डेयरी के कर्मचारी की मौत पर हंगामा: परिजनों ने लगाया प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
जमशेदपुर डेयरी के कर्मचारी रविंद्र नाथ ठाकुर की मौत पर परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया ...और पढ़ें

गम्हरिया में जानकारी देते मृतक के परिजन।
HighLights
जमशेदपुर डेयरी कर्मचारी रविंद्र नाथ ठाकुर की संदिग्ध मौत।
परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
पत्नी ने सीईओ समेत अन्य पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
संसू, गम्हरिया। जमशेदपुर डेयरी में कार्यरत करीब 30 वर्षीय पुराने कर्मचारी रविंद्र नाथ ठाकुर की मौत के मामले में परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मृतक की पत्नी तारा देवी ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए सोमवार को दुर्गापूजा मैदान स्थित सामुदायिक भवन में एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने जमशेदपुर डेयरी के सीईओ समेत अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
तारा देवी ने बताया कि बीते 17 जून को सुबह 9 बजे ड्यूटी के दौरान रविंद्र नाथ ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजनों का आरोप है कि उचित इलाज कराने के बजाय, शाम करीब साढ़े चार बजे कंपनी के दो कर्मचारी उन्हें एक टेंपो से घर छोड़ गए।
उस समय रविंद्र चलने और बोलने की स्थिति में नहीं थे। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें ईएसआई अस्पताल आदित्यपुर में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टीएमएच जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
टीएमएच के डॉक्टरों ने जाँच के बाद बताया कि उनके शरीर में जहर का असर है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स (RIMS) रांची रेफर किया गया, जहां 20 जून को उन्हें भर्ती कराया गया और अगले दिन 21 जून की दोपहर करीब 2:48 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
