Jamshedpur Crime News: डीएसपी के अंगरक्षक के गायब भांजे का शव मानगो से बरामद, हत्या कर शव को झाड़ी में फेंकने का आरोप
Jamshedpur Crime News आरोपित के स्वजनों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि रविवार शाम पांच बजे इमरान निकला है। इसके बाद वापस नहीं लोैटा। बेटा नशे का आदी है जिस युवक के गायब होने की बात कहीं जा रही है।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर मुख्यालय के डीएसपी वीरेंद्र राम के अंगरक्षक रिंकू पांडे के भांजे 19 वर्षीय गुलशन कुमार चौधरी शनिवार रात से गायब था। उसकी बाइक मानगो जवाहरनगर रोड नंबर 14 के निवासी इमरान के घर के सामने से रविवार रात मिली थी। उसके घर के पीछे झाड़ियों के पास खून के निशान मिले थे। इसके बाद से ही अनहोनी की आशंका व्यक्त की जा रही थी। रविवार मध्यरात गुलशन का शव भी झाड़ियों से बरामद हो गया। जिसे हत्या के बाद हत्यारों ने छुपा दिया था। उसकी अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। उसके आंख में भी जख्म है। चाकू घोंपकर उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को मामले में इमरान की तलाश है। उसकी गिरफ्तारी से ही हत्या के कारण का पता चल पाएगा। वैसे पुलिस को इमरान और उसके साथियों से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि गुलशन कुमार ड्रग्स का आदी था। इमरान भी नशा करता है। दोनों के बीच कुछ नशे में ही रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। मृतक माता-पिता का एकलौता संतान था। इधर, सिटी एसपी के. विजय शंकर ने बताया मामले की जांच की जा रही है। ये स्पष्ट है कि युवक की अपहरण कर हत्या कर दी गई है।
आधी रात को झाड़ियों से बरामद हुआ शव
इससे पहले गुलशन के पिता चंद्रशेखर चौधरी ने मानगो थाना की पुलिस को बताया कि वे लोग मानगो दाईगुट्टू के कावेरी रोड नंबर सात के निवासी है। गोलमुरी रिफ्यूजी कालोनी स्थित शंकर मेडिकल दुकान में गुलशन काम करता था। शनिवार शाम पांच बजे वह दुकान से निकला था। रात आठ बजे उसने खुद उन्हें फोन किया और कहा कि उसे कुछ पैसे चाहिए नहीं तो इमरान उसे जान से मार देगा। इसी बीच पीछे से किसी ने फोन काटने को कहा कुछ देर बाद फिर से गुलशन ने फोन कर बताया कि उसे कुछ नहीं हुआ है। वह कुछ समय बाद घर लौट आएगा, लेकिन देर रात तक वह नहीं लौटा तो मानगो थाना में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने गुलशन कुमार की मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। 24 घंटे बीत गए थे। बावजूद कोई अता-पता नहीं चल पाया था। रविवार मध्यरात उसका शव बरामद किया गया। मानगो थाना में अपहरण कर हत्या कर दिए जाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने इमरान के परिजनों औऱ साथियों को हिरासत में लिया
पुलिस ने इमरान के स्वजनों और उसके साथी समीर को हिरासत में लिया था। समीर ने बताया था कि इमरान ने उससे कहा था कि उसके पास एक बाइक है। वह उसे बेचना चाहता है। वहीं आरोपित के स्वजनों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि रविवार शाम पांच बजे इमरान निकला है। इसके बाद वापस नहीं लोैटा। बेटा नशे का आदी है जिस युवक के गायब होने की बात कहीं जा रही है। उसे हमलोग नहीं जानते। शनिवार रात नौ बजे बेटा घर पर था।