Jamshedpur Coronavirus Update: कोरोना की दूसरी लहर पर लगा विराम, जमशेदपुर में 98 दिन के बाद मिले सिर्फ सात मरीज
Jamshedpur Coronavirus Update झारखंड के जमशेदपुर के लिए अच्छी खबर है कि यहां कोरोना की दूसरी लहर पर करीब-करीब विराम लग रहा है। वैसे हमे अब ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। हमारी लापरवाही मुश्किलों का सबब बन सकती है।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए अच्छी खबर है। मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर पर विराम लग चुका है। अब इसे बरकरार रखना अधिक जरूरी है। रविवार को एक और अच्छी खबर आई।
कुल तीन हजार 986 लोगों की जांच हुई। इसमें सिर्फ सात ही पॉजिटिव मरीज मिले। 98 दिन के बाद इतने कम मरीज मिले हैं। इससे पूर्व 14 मार्च को आठ मरीज मिले थे। वहीं, रविवार को कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। रविवार को संपूर्ण डाकडाउन भी था। इस दिन सभी दुकानें बंद रहती हैं। लोगों को भी बेवजह घर से निकलने की मनाही होती है
दो हजार 27 लोगों का लिया गया नमूना
पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को विभिन्न प्रखंडों से कुल दो हजार 27 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 10 लाख 33 हजार 389 लोगों का नमूना लिया जा चुका है।
17 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे
शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 17 लोग रविवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 181 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.62 फीसद है। अब सिर्फ 185 एक्टिव केस हैं।
किस क्षेत्र में मिले कितने पॉजिटिव
क्षेत्र : पॉजिटिव
परसुडीह : 01
कदमा : 02
जुगसलाई : 01
मानगो : 02
16 हजार से अधिक लोगों को दी गई वैक्सीन की पहली डोज
पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को 16 हजार 70 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। वहीं, दो हजार 512 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक कुल चार लाख 36 हजार 290 लोगों को पहली डोज दी गई है। वहीं, 99 हजार 373 लोगों ने दूसरी डोज पूरा कर लिया है।
नामोटोला में चार घंटे में 200 लोगों को लगी वैक्सीन
दक्षिण हलुदबनी पंचायत के नामोटोला टोला प्राथमिक विद्यालय में रविवार को 18 से 44 वर्ष तक के लोगों के लिए आफलाइन टीकाकरण शिविर लगा। सुबह करीब 9.30 बजे से टीकाकरण की शुरुआत हुई और 1.30 बजे दिन तक 200 लोगों को टीका लगाया गया। महज चार घंटे में टीकारण का कार्य शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। वैक्सीन सेंटर का जायजा लेने पहुंचे जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह व उप मुखिया मनोज महतो अंत तक जमे रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार केंद्र पर पहुंचे शांतिपूर्ण व्यवस्था देख सहयोग करने वालों की सराहना की।