विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्द हवाओं और फुहारों ने बढ़ाई ठंड: सामान्य से 6 डिग्री नीचे गिरा अधिकतम तापमान, दो दिन बाद रात का पारा और लुढ़केगा

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:02 AM (IST)

चक्रवात 'अकवान' के अवशेषों के कारण कोल्हान क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी सर्द हवाएं और फुहारें जारी रहीं, जिससे जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे गिर गया। 

जमशेदपुर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर होती फुहारों और ठंडी हवाओं के कारण शाम ढलते ही ठिठुरन काफी बढ़ गई।

जमशेदपुर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर होती फुहारों और ठंडी हवाओं के कारण शाम ढलते ही ठिठुरन काफी बढ़ गई।

HighLights

  1. चक्रवात अकवान के अवशेषों से कोल्हान में ठंड बढ़ी।

  2. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री गिरा।

  3. बेमौसम बारिश से किसानों की धान फसल को नुकसान की आशंका।

जासं, जमशेदपुर। ओडिशा तट से टकराकर कमजोर पड़े चक्रवात 'अकवान' के अवशेष ने शनिवार को दूसरे दिन भी कोल्हान क्षेत्र को सर्द चादर में लपेटे रखा। 
 
जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर होती फुहारों और ठंडी हवाओं के कारण शाम ढलते ही ठिठुरन काफी बढ़ गई।
 
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) रांची के अनुसार, चक्रवात 'अकवान' से बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में केंद्रित है। 
 
शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में चाईबासा सदर में सर्वाधिक 34.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बोड़ाम में 34.2 मिमी, घाटशिला में 32.6 मिमी, बहरागोड़ा में 22.6 मिमी, जमशेदपुर में 22.2 मिमी और सरायकेला में 18.0 मिमी वर्षा हुई। वहीं, शाम 5:30 बजे तक जमशेदपुर में 1.2 मिमी और सरायकेला में 1.0 मिमी अतिरिक्त बारिश रिकॉर्ड की गई।
 
मौसम में आए इस बदलाव से शनिवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री कम होकर 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
जबकि न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रहा। सरायकेला में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और दरीसाई में राज्य का सर्वाधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 
 
बेमौसम बारिश के कारण खेतों में कटी हुई धान की फसल भीगने और बालियों के अंकुरित होने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। 
 
दूसरी ओर, खराब मौसम के चलते वंदे भारत, बादामपहाड़ मेमू व पुरी जाने वाली ट्रेनों सहित रांची की उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
 
मौसम केंद्र के मुताबिक, शनिवार रात से रविवार सुबह तक कोल्हान सहित राज्य के 51 से 75 प्रतिशत हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। 
 
रविवार सुबह कोहरा छाया रहेगा और दिन में बादलों के साथ कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है, हालांकि किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
 
सोमवार को सुबह कोहरे के बाद दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है, जबकि 24 से 27 नवंबर तक मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। 
 
अगले तीन दिनों में दिन का तापमान चार से छह डिग्री बढ़ेगा, लेकिन दो दिन बाद रात के पारे में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आएगी। 
 
25 नवंबर तक पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और शनिवार को भी कई स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति कम रही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।