जमशेदपुर चैंबर ने पूर्व अध्यक्ष से मांगा हिसाब
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को अनुमं
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को अनुमंडलाधिकारी, धालभूम माधवी मिश्रा से मिला, जिसमें अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू ने पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
एसडीओ को सौंपे ज्ञापन में चैंबर ने कहा कि लगभग 10 वर्ष पहले छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स का गठन हुआ था। इसमें फिलहाल करीब 1000 सदस्य हैं। मोहनलाल अग्रवाल को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन पिछले दिनों उन्होंने अवैध रूप से चैंबर कार्यकारिणी की अनदेखी करते हुए दूसरी संस्था से संबंध रखने वालों को अध्यक्ष समेत अन्य पद दे दिया। यह जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के संविधान का उल्लंघन है। ऐसा करने से पहले उन्होंने ना तो कार्यकारिणी की बैठक की, नही आम सभा बुलाई। चैंबर के सभी सदस्य मोहनलाल अग्रवाल से पिछले 10 सालों का आय व्यय का लेखा-जोखा माग रहे हैं, लेकिन वह देने को तैयार नहीं हैं। हमेशा टालमटोल करते रहते हैं। पिछले वर्ष मोहनलाल अग्रवाल ने अध्यक्ष पद भी छोड़ दिया और संरक्षक दीपक भालोटिया को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे दी थी। प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी से व्यापारियों की इस समस्या का समाधान करने का आग्रह किया, जिस पर उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों एवं संगठन के हितों की अनदेखी नहीं होगी।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष साहिब सिंह, मानस रंजन बिस्वाल, सत्यनारायण अग्रवाल व सुशील कुमार साव, सचिव मनोज खत्री, सुरेश गनेरीवाल, विमल अग्रवाल व महावीर प्रसाद गुप्ता, साकची मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल, कमल अग्रवाल, गुरजीत सिंह संटी, पवन अग्रहरि, अशोक मोदी, मनोज खन्ना व गोल्डी सैनी आदि शामिल थे।