विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में दोस्तों के साथ खेलने निकला था किशोर, पीएम आवास की 9वीं मंजिल से गिरकर मौत

Published: Sat, 18 Jul 2026 07:29 PM (IST)

जमशेदपुर के बिरसानगर में निर्माणाधीन पीएम आवास की नौवीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय सचिन मुर्मू की मौत हो गई। खेलते-खेलते इमारत में पहुंचे किशोर की सुरक्षा में चूक के कारण जान चली गई।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. बिरसानगर में निर्माणाधीन पीएम आवास से गिरा किशोर।

  2. सुरक्षा में लापरवाही की पुलिस कर रही है जांच।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके में शनिवार को निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) की बहुमंजिला इमारत की नौवीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय किशोर सचिन मुर्मू की मौत हो गई। 
 

खेलते-खेलते निर्माणाधीन इमारत में पहुंचा था मासूम 

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, बिरसानगर (एक बी) का रहने वाला सचिन मुर्मू शनिवार को अपने घर से दोस्तों के साथ खेलने के लिए निकला था। 
 
खेलते-खेलते बच्चे उस बहुमंजिला इमारत के पास पहुंच गए जहां फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। सुरक्षा इंतजामों में चूक के कारण सचिन किसी तरह इमारत की नौवीं मंजिल पर चढ़ गया। 
 
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन भवन के उस हिस्से में अभी तक रेलिंग का निर्माण नहीं हो पाया था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक नौवीं मंजिल से सीधे नीचे गिर गया।
 

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

जोरदार आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे मजदूर और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में सचिन को उठाकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। 
 
डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पेशे से सिविल मिस्त्री, मृतक के पिता मसांगुन मुर्मू ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि उनका बेटा अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था। 
 

जांच में जुटी पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल 

बेटे की असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक छानबीन के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
 
पुलिस आसपास के लोगों और वहां मौजूद चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला सुरक्षा में लापरवाही और दुर्घटना का लग रहा है। 
 
लेकिन बालक किन परिस्थितियों में नौवीं मंजिल तक पहुंचा और वहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात था या नहीं, इन सभी बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।