विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिजिटल दौर में भी किताबों का जादू बरकरार: जमशेदपुर पुस्तक मेले में 75 लाख की बिक्री, Soniya Gandhi की किताब की रही खासी मांग

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:31 PM (IST)

40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले का समापन 75 लाख रुपये के कारोबार और 45 हजार पाठकों की भागीदारी के साथ हुआ। सोनिया गांधी की किताब विशेष चर्चा में रही, जिसने शुरुआती बारिश के बावजूद पाठकों को खूब आकर्षित किया।

टैगोर सोसाइटी की ओर से आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों को किताबों से जोड़ने के लिए खास पहल की गई थी।

टैगोर सोसाइटी की ओर से आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों को किताबों से जोड़ने के लिए खास पहल की गई थी।

HighLights

  1. 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले का सफल समापन, 75 लाख का कारोबार।

  2. 45 हजार पाठकों ने की शिरकत, सोनिया गांधी की किताब लोकप्रिय।

  3. बारिश के बावजूद उत्साह, विद्यार्थियों ने भी दिखाई रुचि।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। साकची स्थित रवींद्र भवन परिसर में आयोजित 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले का रविवार को समापन हो गया। 
 
दस दिवसीय इस आयोजन में लगभग 45 हजार लोगों ने शिरकत की और करीब 75 लाख रुपये का कारोबार हुआ, जो पिछले साल पहुंचे लगभग 30 हजार पाठकों की तुलना में काफी अधिक है। 
 
अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेले में पहुंचे और अपनी पसंद की पुस्तकों की खरीदारी की। इस बार पुस्तक मेले में सोनिया गांधी की किताब विशेष चर्चा का विषय रही और पाठकों ने इसकी खूब खरीदारी की। 
 
राजनीतिक, सामाजिक और साहित्यिक पुस्तकों के स्टालों पर भी लोगों की अच्छी भीड़ जुटी। हिंदी व अंग्रेजी के साथ बांग्ला, उर्दू और क्षेत्रीय भाषाओं की किताबों के प्रति भी पाठकों का रुझान दिखा। 
 
आयोजन को सफल बनाने में टैगोर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एचएस पाल, महासचिव सुदीप बासू और पुस्तक मेला इंचार्ज जयदेव घोष का अहम योगदान रहा।
 

बारिश ने बिगाड़ा था मेले का समीकरण 

मेले के शुरुआती दिनों में पाठकों की अच्छी भागीदारी रही, लेकिन बीच में हुई बारिश के कारण आयोजन प्रभावित हुआ। बारिश की वजह से परिसर में लोगों की आवाजाही कम हो गई थी। 
 
जिससे आयोजकों और पुस्तक विक्रेताओं को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि मौसम साफ होने के बाद पुस्तक प्रेमियों की संख्या फिर बढ़ने लगी। 
 
अंतिम दिनों में लगातार भीड़ उमड़ी और रविवार को अवकाश होने के कारण लोगों की संख्या में और इजाफा हुआ।
 

विद्यार्थियों और युवाओं ने भी दिखाई रुचि 

टैगोर सोसाइटी की ओर से आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों को किताबों से जोड़ने के लिए खास पहल की गई थी। स्कूली बच्चों के बीच 35 हजार मुफ्त प्रवेश पास बांटे गए थे। 
 
साथ ही वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला।
 
साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और बाल साहित्य की किताबों ने अलग-अलग आयु वर्ग के पाठकों को आकर्षित किया।
 

डिजिटल दौर में किताबों की अहमियत 

मेले में दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और पटना समेत देश के विभिन्न शहरों के प्रकाशकों व पुस्तक विक्रेताओं ने भाग लिया। हिंदी और अंग्रेजी के अलावा संथाली, हो और कुड़माली जैसी क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तकों को भी स्थान मिला। 
 
आयोजकों ने डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बीच पुस्तकों के महत्व को रेखांकित किया। 45 हजार पाठकों की भागीदारी और 75 लाख रुपये की बिक्री ने इस पुस्तक मेले को सफल बना दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।