बिरसानगर में बजरंगबली मंदिर विवाद: पुजारी से मारपीट व कुर्सियां तोड़ने का आरोप, भाजपा ने सीसीटीवी जांच की उठाई मांग
जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित बजरंगबली मंदिर में विवाद गहरा गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बापी सरदार पर पुजारी से मारपीट, गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भाजपा ने बापी सरदार पर मंदिर परिसर में हंगामा करने, पुजारी के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने और कुर्सियां तोड़ने का आरोप लगाया है।
HighLights
भाजपा मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने निष्पक्ष जांच की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
जासं, जमशेदपुर। बिरसानगर स्थित बजरंगबली मंदिर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने बापी सरदार पर मंदिर परिसर में हंगामा करने, पुजारी से मारपीट व गाली-गलौज करने और कुर्सियां तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। आरोप है कि बापी सरदार अक्सर शराब के नशे में मंदिर पहुंचकर अतिक्रमण का मुद्दा उठाता है और विवाद करता है।
बताया गया कि 21 नवंबर की शाम छह से सात बजे के बीच उसने बस्तीवासियों से गाली-गलौज की, मंदिर में बज रहे भजन को बंद कराया और पुजारी के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया।
इसी दौरान मंदिर परिसर में रखी कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। सूचना मिलने पर बापन बनर्जी मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
मंडल अध्यक्ष ने सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि स्थानीय निवासी माणिक दत्ता ने उनके और बापी सरदार के बीच हुए विवाद का फुटेज तो उपलब्ध कराया, लेकिन बस्तीवासियों के साथ हुई गाली-गलौज की घटना का फुटेज नहीं दिया।
उन्होंने पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। साथ ही मंदिर के सामने सरकारी नाली पर अतिक्रमण कर गिट्टी, बालू और ईंट का कारोबार करने का भी आरोप लगाया गया है।
बापन बनर्जी ने बापी सरदार, माणिक दत्ता और संदीप सामंत समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर पहले धरना दिया जाएगा।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता बिरसानगर थाना का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास भी घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं और वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे।