जमशेदपुर: सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, लोगों ने सड़क जाम कर की नारेबाजी; ड्राइवर फरार
जमशेदपुर के बर्मामाइंस में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार सागर गोप को कुचल दिया, जिससे ...और पढ़ें

बर्मामाइंस में ट्रेलर का कहर। जागरण
HighLights
बर्मामाइंस में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला।
हादसे में सागर गोप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बर्मामाइंस के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक सागर गोप (बारीगोड़ा) की जान ले ली। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर बाइक समेत ट्रेलर के नीचे आ गया। गंभीर हालत में टीएमएच ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, सागर आदित्यपुर की एक निजी कंपनी में काम करता था। मंगलवार रात वह साथी विक्की के साथ बाइक से घर लौट रहा था। विक्की के मुताबिक, दोनों सुनसुनिया गेट के पास पहुंचे थे, तभी पार्किंग से कंपनी के भीतर जा रहे ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया।
बेटे की मौत की खबर से बेसुध हुए पिता
हादसे में सागर ट्रेलर के नीचे आ गया। साथियों ने तत्काल उसे टीएमएच पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सागर के पिता अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध होकर गिर पड़े। अस्पताल में परिजनों और साथियों का रो-रोकर बुरा हाल था।
इधर, ट्रेलर मालिक भी मौके पर पहुंचा और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर ने बाइक सवार को 50 मीटर तक घसीटा; टीएमएच में इलाज के दौरान मौत
