दलमा जंगल में शिकार करने गए Tata Steel के प्रबंधक गिरफ्तार Jamshedpur News
वन विभाग ने टाटा स्टील के प्रबंधक राजीव डेविड की बंदूक भी जब्त कर ली है। डेविड के तीन साथी मौके से फरार हो गए।
जमशेदपुर, जासं। हाथी के लिए संरक्षित दलमा वन्यप्राणी आश्रयणी में शिकार करने गए टाटा स्टील के प्रबंधक राजीव डेविड को वन विभाग ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपित की बंदूक जब्त कर ली गई है। डेविड के तीन साथी मौके से फरार हो गए। राजीव डेविड जवाहर नगर रोड नंबर 15 के निवासी हैं। पिता का नाम नितेश डेविड है। गिरफ्तार राजीव डेविड को वन विभाग के अधिकारियों ने दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के मानगो कार्यालय परिसर स्थित हाजत में रखा है। सुरक्षा के लिए दो गार्ड तैनात कर दिए गए हैं।
दलमा के रेंजर दिनेश चंद्रा ने बताया कि रविवार दोपहर लगभग दो बजे सूचना मिली कि जंगल में मैंझला बांध के पास कुछ शिकारी देखे गए हैं। उनके पास बंदूक है। रेंजर ने तत्काल डीएफओ सीपी सिन्हा को सूचना दी। डीएफओ अन्य वन कर्मचारियों के साथ दलमा जंगल के मकुलाकोचा पहुंचे। वहां पहुंचकर सभी रास्तों पर वनरक्षी की तैनाती कर दी। इसके बाद रेंजर दिनेश चंद्रा जंगल में खोखरो पहुंचे। वहां मैंझला बांध के पास कुछ लोग देखे गए। एक के हाथ में बंदूक थी। वन विभाग के अधिकारियों को देख अन्य लोग भाग गए, पर बंदूक के साथ राजीव डेविड हत्थे चढ़ गए।
पूछताछ में राजीव ने बताया कि उन्हें पता नहीं था कि जंगल में एयर गन पर प्रतिबंध है। आरोपित को वन विभाग सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजेगा। गिरफ्तारी की सूचना पर कई पैरवीकार मानगो दफ्तर पहुंचे। गिरफ्तार करने गई टीम में दलमा पश्चिम के रेंजर आरपी सिंह, वनरक्षी अंकित कुमार श्रीवास्तव, सर्वजीत दास, अचिंत कुमार राणा, शैलेंद्र कुमार सिंह आदि शामिल थे।