Jamshedpur : बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष से मारपीट से फूटा गुस्सा, कल वकील नहीं करेंगे काम
जमशेदपुर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष से मारपीट से वकीलों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। वकीलों ने शनिवार को कार्य बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
जमशेदपुर, जेएनएन। जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर के बार एसोसिएशन भवन में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष से मारपीट और मामले में पुलिस के रवैये से वकीलों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। वकीलों ने शुक्रवार को आपात बैठक बुलाई और शनिवार को कार्य बहिष्कार करने का फैसला लिया।
दरअसल, गुरुवार को अपराहन 12.30 बजे तब अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी जब परवेज नामक व्यक्ति ने कानूनी नोटिस की कॉपी मांगने को लेकर हुए विवाद में जिला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मो. कासिम को तमाचा जड़ दिया। गाली-गलौज करने लगा। यह देख कासिम के सहयोगी एकजुट हो गए। परवेज की पिटाई कर दी। गिरते-पड़ते वह किसी तरह न्यायालय के गेट संख्या तीन के पास पहुंचा। बाइक स्टार्ट कर भाग निकला। सीतारामडेरा थाना पहुंचा। मो. कासिम समेत अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत दी। कुछ ही समय बाद मो. कासिम और अन्य अधिवक्ता थाना पहुंचे। देखा कि मारपीट करने वाला थाना में बैठा है। जानकारी पर सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह थाना आए। दोनों पक्ष से मामले की जानकारी ली। अधिवक्ता से मारपीट करने वाले व्यक्ति को देर शाम तक थाना में बैठाने के बाद छोड़ दिया गया। अधिवक्ताओं में रोष की वजह यही है। अधिवक्ता इस मामले में वरीय पुलिस पदाधिकारी से भी मिलेंगे।
पुराना कानूनी नोटिस का था मामला
बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मो. कासिम ने बताया कि पुरानी कानूनी नोटिस का मामला था। मानगो रोड नंबर एक के निवासी परवेज की ओर से उन्होंने कानूनी नोटिस दूसरे पक्ष को भेजा था। दो-तीन दिन से फोन कर भेजी गई नोटिस की मांग रहा था। उन्होंने उसे उनके बार एसोसिएशन भवन के चैंबर आठ में आकर ले जाने को कहा था। गुरुवार को फोन कर उनके पास आया। उन्होंने अपने कर्मचारी को नोटिस खोजकर दे देने को कहा। वे दूसरे कार्य में व्यस्त थे। शायद नोटिस नहीं मिली जिससे वह आक्रोशित हो गया। जब वे चैंबर में पहुंचे तो गाली-गलौज करते हुए परवेज घुस गया। मारपीट की। मो. कासिम ने बताया कि परवेज विदेश में रहता है। ईद में वह मानगो आया हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी के इशारे पर ऐसा कराया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप