इस रविवार को भी खुलेंगे सभी सरकारी बैंक! 5 दिन काम ठप होने की चिंता खत्म, 27 सितंबर को निपटाएं जरूरी काम
बैंक यूनियनों की 28-30 सितंबर की हड़ताल से पहले, जमशेदपुर सहित देशभर के सार्वजनिक और ग्रामीण बैंक 27 सितंबर रविवार ...और पढ़ें

27 सितंबर रविवार को खुले रहेंगे सभी सरकारी बैंक।
HighLights
27 सितंबर रविवार को खुले रहेंगे सभी सरकारी बैंक।
लगातार पांच दिन की वित्तीय सेवा ठप होने से बचाव।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के बीच औद्योगिक नगरी जमशेदपुर सहित पूरे देश के लिए राहत भरी खबर है।
लगातार पांच दिनों तक वित्तीय सेवाएं ठप न हों, इसके लिए रविवार, 27 सितंबर को सिर्फ भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) ही नहीं, बल्कि सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य कार्यदिवस की तरह खुलेंगे। जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) स्थित विभिन्न सरकारी व ग्रामीण बैंकों की 250 से अधिक शाखाएं रविवार को सुचारू रूप से कार्य करेंगी।
लौहनगरी के उद्योग-कारोबार को मिलेगी गति
जमशेदपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन करोड़ों रुपये का बैंकिंग कारोबार होता है। 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 को रविवार की छुट्टी के बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल से लगातार पांच दिन शाखाएं बंद रहने का संकट था।
छमाही क्लोजिंग के ठीक पहले ऐसी स्थिति से कारोबारियों का नकदी प्रवाह और चेक क्लीयरेंस बुरी तरह चरमरा सकता था। 27 सितंबर को करेंसी चेस्ट, प्रशासनिक कार्यालय और शाखाएं खुली रहने से जिले के उद्यमियों, व्यापारियों व आम ग्राहकों को लेन-देन निपटाने का पूरा मौका मिलेगा। जिले के लगभग 2,500 बैंक अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहेंगे।
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर अड़े हैं कर्मी
एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, पीएनबी, केनरा बैंक और झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक सहित सभी संस्थानों ने ग्राहकों को संदेश भेजकर रविवार को ही जरूरी वित्तीय कार्य पूरे करने की सलाह दी है। हड़ताल के तीन दिनों के दौरान शाखाओं का प्रत्यक्ष कामकाज ठप रहेगा, यद्यपि एटीएम, यूपीआई व नेट बैंकिंग सेवाएं चालू रहेंगी।
बैंक कर्मचारी सभी शनिवार को अवकाश घोषित कर 'सप्ताह में पांच कार्य दिवस' लागू करने की मांग पर अड़े हैं। उधर, वित्तीय संकट से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों का भुगतान 25 सितंबर को ही अग्रिम रूप से कर दिया है।
