26 सितंबर से लगातार 5 दिन बैंक बंद; शनिवार-रविवार के बाद 3 दिन की हड़ताल, SBI ने ग्राहकों के लिए जारी की एडवाइजरी
SBI Bank Strike 28 to 30 September 2026: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों को सूचित किया है कि सितंबर ...और पढ़ें
-1790308975133_m.webp)
SBI Bank Strike 28 to 30 September 2026: पांच दिन लगातार बैंक बंद।
HighLights
26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंक बंद रहेंगे।
चौथा शनिवार, रविवार और UFBU की तीन दिवसीय हड़ताल।
SBI ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग उपयोग करने की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, भागलपुर। SBI Bank Strike 28 to 30 September 2026: बैंक से जुड़े जरूरी वित्तीय कामकाज निपटाने वाले ग्राहकों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण खबर है। सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहने के आसार हैं। 26 सितंबर को माह का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा, जबकि 27 सितंबर को रविवार की नियमित साप्ताहिक छुट्टी रहेगी।
इसके ठीक बाद यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। साप्ताहिक अवकाश और प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के एक साथ जुड़ने से 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन शाखाओं में सेवाएं बाधित हो सकती हैं। इसे देखते हुए देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए आधिकारिक सूचना और एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने को कहा है।
आवश्यक सेवाएं देने का भरसक प्रयास, फिर भी असुविधा की आशंका
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के तीन दिवसीय हड़ताल के प्रस्ताव के बावजूद बैंक प्रबंधन हड़ताल की अवधि के दौरान आवश्यक बैंकिंग सेवाएं सुचारु रखने का भरसक प्रयास कर रहा है।
बैंकिंग सेवाएं व अवकाश: तिथिवार कैलेंडर
26 सितंबर 2026 (शनिवार): माह का चौथा शनिवार (नियमित बैंक अवकाश)।
27 सितंबर 2026 (रविवार): साप्ताहिक सार्वजनिक अवकाश (बैंक बंद)।
28 सितंबर 2026 (सोमवार): यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल (पहला दिन)।
29 सितंबर 2026 (मंगलवार): बैंक यूनियन की प्रस्तावित हड़ताल (दूसरा दिन)।
30 सितंबर 2026 (बुधवार): बैंक यूनियन की प्रस्तावित हड़ताल (तीसरा दिन)।
वैकल्पिक सुविधाएं: SBI YONO, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI, ATM/ADWM एवं ग्राहक सेवा केंद्र (CSP)।
हालांकि, कर्मचारी संगठनों के कार्य बहिष्कार के कारण शाखा स्तर पर चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट बनाने, पासबुक प्रिंटिंग, खाता खोलने और काउंटर से बड़ी नकदी जमा या निकासी जैसे कार्यों में देरी या व्यवधान की पूरी आशंका है। बैंक ने संभावित असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए ग्राहकों से सहयोग की अपील की है।
एसबीआई की ग्राहकों से अपील
बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को परेशानी से बचाने के लिए समय रहते एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि:
ग्राहक हड़ताल की तिथियों (28 से 30 सितंबर) से पहले ही अपने जरूरी बैंकिंग लेन-देन और कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर लें।
नकदी की जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंक के एटीएम (ATM) और ऑटोमेटेड डिपॉजिट कम विड्रॉल मशीन (ADWM) का इस्तेमाल करें।
नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) पर जाकर सामान्य लेन-देन की सेवाएं ले सकते हैं।
फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान और अन्य बैंकिंग आवश्यकताओं के लिए इंटरनेट बैंकिंग, एसबीआई योनो (YONO), मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई (UPI) और अन्य डिजिटल चैनलों का उपयोग करें।
डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का करें सहारा
विशेषज्ञों का कहना है कि महीने का अंतिम सप्ताह होने के कारण व्यापारियों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कई महत्वपूर्ण वित्तीय लेन-देन इस अवधि में होते हैं। ऐसे में यदि शाखा स्तर पर काम बाधित होता है, तो डिजिटल लेन-देन ही सबसे सुरक्षित और त्वरित विकल्प साबित होगा।
