जमशेदपुर में टांगी लेकर निकला मानसिक रूप से बीमार युवक, पांच ग्रामीणों पर किया हमला; जंगल में तलाश जारी
जमशेदपुर के पोखरिया गांव में एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने टांगी से हमला कर पांच ग्रामीणों को घायल कर दिया, जिनमें एक बुजुर्ग महिला गंभीर है।

पटमदा स्थित बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में रविवार सुबह एक युवक ने टांगी से हमला कर पांच ग्रामीणों को घायल कर दिया।
HighLights
मानसिक बीमार युवक ने टांगी से पांच ग्रामीणों पर हमला किया।
एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
हमलावर जंगल में छिपा, पुलिस और ग्रामीण तलाश में जुटे।
जासं, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा स्थित बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक युवक ने टांगी से हमला कर पांच ग्रामीणों को घायल कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से गांव में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरस्वती महतो गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य घायलों का भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
रास्ते में जो भी मिला, उस पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, पोखरिया गांव निवासी भीम गोराई का 22 वर्षीय पुत्र शंभू गोराई रविवार सुबह हाथ में टांगी लेकर घर से निकला था।
बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब एक वर्ष से मानसिक रूप से बीमार है। पहले रांची के कांके में उसका इलाज कराया गया था और फिलहाल घर पर ही उसकी दवा चल रही थी।
रविवार सुबह घर से निकलने के बाद उसने सबसे पहले गांव की सरस्वती महतो पर टांगी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
इसके बाद युवक रास्ते में जो भी मिला, उस पर हमला करता चला गया। इस दौरान उसने मामोनी कर्मकार (65), निर्मल प्रमाणिक (60), राजा (17) और बुधनी को भी घायल कर दिया।
पिता और ग्रामीणों ने खदेड़ा, जंगल में छिपा आरोपी
पांच लोगों पर हमला करने के बाद आरोपी युवक टांगी लेकर गांव से बाहर की ओर भागने लगा। यह देख उसके पिता और अन्य ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित मोहरीवासा जंगल में घुस गया और ओझल हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने जंगल में उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में जुट गई। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे तक जंगल में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
घायलों का विभिन्न अस्पतालों में चल रहा इलाज
गंभीर रूप से घायल सरस्वती महतो को उनके पुत्र वीरेश महतो सुबह करीब आठ बजे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, अन्य घायलों को परिजनों द्वारा एमजीएम अस्पताल और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के बराबाजार स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद से पोखरिया गांव में डर और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि जंगल में छिपा युवक फिर से किसी पर हमला न कर दे। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।