रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: ट्रैक मरम्मत के चलते टाटानगर-रांची रूट की 9 जोड़ी ट्रेनें रद, देखें पूरी लिस्ट
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में आधारभूत संरचना और ट्रैक रखरखाव कार्यों के कारण 4 से 12 नवंबर तक 9 जोड़ी मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी।

4 से 12 नवंबर तक अलग-अलग तिथियों में 9 जोड़ी मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद रहेगा।
HighLights
चक्रधरपुर मंडल में 9 जोड़ी ट्रेनें 4-12 नवंबर तक रद।
ट्रैक मरम्मत और सुरक्षा कार्यों के कारण लिया गया निर्णय।
टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा हुई शुरू।
जासं, जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में आधारभूत संरचना के विकास, सुरक्षा सुदृढ़ीकरण और ट्रैक रखरखाव कार्यों के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है।
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 4 से 12 नवंबर तक अलग-अलग तिथियों में 9 जोड़ी मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद रहेगा।
सुरक्षा और समयबद्धता के लिए लिया गया फैसला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विभिन्न रेलखंडों में ट्रैक रिलेइंग ट्रेन (TRT) ब्लॉक, टैम्पिंग, नॉन-इंटरलाकिंग (NI) कार्य, गर्डर लॉन्चिंग, बैलास्ट क्लीनिंग मशीन (BCM) ब्लॉक और लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) निर्माण से जुड़े कार्य किए जाने हैं।
इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों के परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाना, समयबद्धता में सुधार करना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।
रद रहने वाली ट्रेनों की सूची
- 68019/68020 टाटानगर-गुवा-आदित्यपुर मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 68137 टाटानगर-चाईबासा मेमू: 4 से 10 नवंबर तक रद।
- 68138 चाईबासा-टाटानगर मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 68003/68004 टाटानगर-गुवा-टाटानगर मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 18019/18020 झाड़ग्राम-पुरुलिया-झाड़ग्राम मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 68044/68043 राउरकेला-टाटानगर-राउरकेला मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 68029/68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 18175/18176 हटिया-झारसुगुड़ा-हटिया मेमू: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 58659 हटिया-राउरकेला पैसेंजर: 5 से 11 नवंबर तक रद।
- 58660 राउरकेला-हटिया पैसेंजर: 6 से 12 नवंबर तक रद।
- 58151/58152 बीरमित्रपुर-बरसुआन पैसेंजर: 5 से 11 नवंबर तक रद।
जयपुर के लिए सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस की पहली रैक रवाना
दूसरी ओर, टाटानगर से जयपुर (खातीपुरा) के लिए बहुप्रतीक्षित सीधी ट्रेन सेवा की शुरुआत हो गई है। सांतरागाछी-खातीपुरा साप्ताहिक एक्सप्रेस की पहली रैक बुधवार को रवाना होकर शाम लगभग 5:50 बजे टाटानगर पहुंची।
पहली रैक होने के कारण इसके फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी में कुछ सीटें खाली रहीं, लेकिन स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोचों में यात्रियों की अच्छी भीड़ देखी गई।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में नई दिल्ली से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन मिलने से खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं में काफी खुशी है।