Jamshedpur News : एक घंटे की आंधी बारिश ने मचाई तबाही, कहीं उड़े छप्पड़ तो कहीं गिरे पेड़
Heavy rain in Jamshedpur शुक्रवार शाम जमशेदपुर में 11.6 मिमी बारिश हुई उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। शहर के निचले इलाके में पानी-पानी कर दिया। मानगो टैंक रोड में नाली का पानी सड़क पर बहने लगा। साउथ गेट में पेड़ चेसिस पर गिर गया।
जमशेदपुर,जासं : शहर में शुक्रवार की संध्या वज्रपात के साथ झमाझम बारिश हुई। लगभग एक घंटे में 11.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिला। हालांकि बारिश के साथ ही बिजली कट जाने से गैर कंपनी इलाके मानगो, आजादनगर, गोविंदपुर, बिरसानगर, जुगसलाई, बागबेड़ा आदि क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। हालांकि धीरे-धीरे एक घंटे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की संध्या एक घंटे में 11.6 मिमी बारिश हुई। इसके साथ आसमानी बिजली लगातार चमक रही थी। शहर में शुक्रवार काे अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में प्री मानसून की शुरूआत हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 27 मई को मानसून केरल में प्रवेश करेगा। जिसके बाद झारखंड की ओर आठ से नौ जून तक रूख करेगा।
एक घंटे की बारिश ने शहर के निचले इलाके में पानी-पानी कर दिया। मानगो टैंक रोड में नाली का पानी सड़क पर बहने लगा। जबकि मानगो नगर निगम नाली सफाई के लिए अभियान चलाया हुआ है। वहीं मानगो पुराना पुल पर एक फीट तक पानी जमा हो गया। इसके अलावा उलीडीह बिरसा रोड में रहने वाले लोगों के घरों में पानी प्रवेश कर गया। इसके अलावा जल जमाव की स्थिति जुबली पार्क गेट के पास, कालीमाटी रोड पर जल जमाव हो गई थी। हालांकि बारिश बंद होते ही पानी निकल गई। लेकिन पानी के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।
तेज बारिश के समय टेल्को साउथ गेट के पास खड़ी चेसिस पर एक पेड़ गिर गया। जिसके कारण घंटे भर यातायात बाधित रहा। इसकी जानकारी होने पर टाटा मोटर्स की टीम पेड़ की डाली को हटाया। उसके बाद आवागमन सुचारू रूप से चलने लगी। इसके अलावा शहर के जुबली पार्क के अंदर कई पेड़ की डाली गिर गई।