को-ऑपरेटिव, ग्रेजुएट व करीम सिटी में इंटर में एडमिशन का कार्य शुरू Jamshedpur News
मैट्रिक परीक्षा परिणाम के बाद जमशेदपुर शहर के कोल्हान विश्वविद्यालय से संबंद्धता प्राप्त अंगीभूत कॉलेजों ने इंटर में एडमिशन का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
जमशेदपुर, जासं। मैट्रिक परीक्षा परिणाम के बाद जमशेदपुर शहर के कोल्हान विश्वविद्यालय से संबंद्धता प्राप्त अंगीभूत कॉलेजों ने इंटर में एडमिशन का कार्य प्रारंभ कर दिया है। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, ग्रेजुएट कॉलेज व करीम सिटी में प्रोस्पेक्टस बेचने के साथ-साथ 60 से 70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वालों का सीधा नामांकन भी हो रहा है। इंटर का प्रोस्पेक्टस बेचने में ग्रेजुएट कॉलेज सबसे आगे रहा।
अब तक यहां लगभग 1250 प्रोस्पेक्टस बेचे जा चुके हैं तथा लगभग 60 छात्राओं का नामांकन कॉलेज के काउंटर में हो चुका है। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में अब तक 626 प्रोस्पेक्टस बेचे गए, इनमें से 242 छात्रों ने एडमिशन ले लिया है। इनमें 40 प्रतिशत छात्रों ने साइंस में नामांकन लिया है। करीम सिटी में भी यही हाल है। अब तक यहां 700 से अधिक आवेदन बेचे जा चुके हैं। नामांकन 200 से अधिक का हो गया है। साइंस में छात्रों की संख्या ज्यादा है। एलबीएसएम कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया 31 जुलाई से प्रारंभ होने की संभावना है। वहीं एबीएम कॉलेज में आट्र्स व कॉमर्स के अब तक 1200 प्रोस्पेक्टस ऑनलाइन बेचे जा चुके हैं। जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज मानगो में अब तक 300 से अधिक आवेदन बेचे जा चुके हैं। एक भी एडमिशन यहां अब तक नहीं हुआ है।
को-ऑपरेटिव कॉलेज में एडमिशन की रफ्तार तेज
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में एडमिशन की रफ्तार बहुत तेज है। इस कॉलेज में आट्र्स में 284, कॉमर्स में 222, साइंस में 120 प्रोस्पेक्टस बेचे जा चुके हैं। इसमें से आट्र्स में 99, कॉमर्स में 67 तथा साइंस में 76 का नामांकन हो चुका है। कुल 624 आवेदनों में से 242 ने नामांकन अब तक ले लिया है। कॉलेज के इंटरमीडिएट प्रभारी डॉ. भूषण कुमार ने बताया कि 31 जुलाई तक आवेदन स्वीकार किए जायेंगे। इसके बाद आवश्यकतानुसार मेरिट लिस्ट निकालकर नामांकन तिथियां घोषित की जाएगी। वर्तमान में 55 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्रों का एडमिशन कॉलेज के वेबसाइट से ऑनलाइन हो रहा है।
वीमेंस कॉलेज में वेबसाइट में आज छोड़ा जाएगा पेमेंट गेटवे
बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में अब तक 790 छात्राओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इस कॉलेज के इंटरमीडिएट वेबसाइट में नामांकन को रविवार को पेमेंट गेटवे का लिंक छोड़ा जाएगा। उसके बाद यहां नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। मालूम हो कि इस कॉलेज में कोल्हान प्रमंडल को छोड़कर बाहर के जिले की छात्राएं नामांकन लेती है। पिछले हजारीबाग, देवघर व पलामू की लगभग 20 छात्राओं ने नामांकन लिया था।
किस कॉलेज में कितनी सीट
- कॉलेज का नाम - आट्र्स - कॉमर्स - साइंस
- एबीएम कॉलेज गोलमुरी - 640 - 640 -000
- एलबीएसएम कॉलेज करनडीह - 512 - 512 - 512
- जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज - 540 - 540 - 540
- को-ऑपरेटिव कॉलेज - 640 - 640 - 640
- ग्रेजुएट कॉलेज साकची - 512 - 512 - 512
- जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज - 640 - 640 - 640
- करीम सिटी कॉलेज, मानगो - 384 - 523 - 640
आवश्यकतानुसार बढ़ जाती है सीटें
जैक द्वारा कॉलेजों के लिए निर्धारित सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अलग से सीटों को आवंटित की जाती है। यह आवंटन कॉलेजों की मांग पर निर्भर करता है। जैक मांग की जांच स्थानीय स्तर से करवाता है, उसके बाद सीटों को बढ़ाती है।