एक वर्ष बाद मिली पत्नी की हत्या की जानकारी, न्याय मांगने पहुंचा पति Jamshedpur News
इस मामले को लेकर रघुनाथ कई दफ़ा कुमारडुंगी थाना का चक्कर काटा पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। बल्कि रघुनाथ का मजाक उड़ा दिया गया।
चाईबासा/जमशेदपुर (जेएनएन)। एक वर्ष के लिए काम मिलने पर वह भूटान चला गया। जब वापस लौटा तो पत्नी का कहीं अता-पता नहीं था। थाना-पुलिस का चक्कर लगाता रहा लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
गांव में ही नशे की हालत में एक व्यक्ति ने उसे बताया कि डायन के आरोप में उसकी पत्नी की हत्या की जा चुकी है। इसके बाद जब वह पुलिस अधीक्षक के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंचा तो प्राथमिकी दर्ज कर जांच की कवायद शुरू की गई है।
15 नवंबर 2018 को पुलिस ने बरामद की थी लाश
मामला कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र का है। 15 नवम्बर 2018 को सरबील गांव से 26 वर्षीय एक अज्ञात युवती की लाश पुलिस ने बरामद की थी। जिसकी पहचान मृतका के पति रघुनाथ कोंडाकेल ने एक वर्ष बाद भूटान से आकर की।
रघुनाथ कोंडाकेल ने बताया कि महिला उसकी पत्नी जाम्बी कोंडाकेल थी। रघुनाथ के अनुसार उसकी पत्नी की हत्या कर शव को दलदल में दफना दिया गया था। इस मामले को लेकर रघुनाथ कई दफ़ा कुमारडुंगी थाना का चक्कर काटा पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। बल्कि रघुनाथ का मजाक उड़ा दिया गया। थाना से कोई कार्यवाही नहीं करने से थक हार कर मंगलवार के दिन न्याय की गुहार लगाने रघुनाथ ने पुलिस अधीक्षक का दरबाजा खटखटाया।
मंगलवार के दिन पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की पुरी जानकारी दी। जिसमें पुलिस अधीक्षक ने कुमारडुंगी थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिया है कि मामले का एफआईआर कर मामले की जांच की जाए। रघुनाथ कोंडाकेल ने बताया कि वह वर्ष 2018 के जुलाई में भूटान काम करने चल गया था। वहां उसे हिन्दूस्तान कंस्ट्रक्शन कोर्पोरेशन में एक वर्ष के लिए काम मिल गया था।
नशे में एक व्यक्ति ने बताया- पत्नी की हुई हत्या
एक वर्ष पूरा होने के बाद जब घर वापस आया तो घर में पत्नी नहीं थी। उसकी खोजबीन शुरू कर दी। सप्ताह भर खोजबीन करता रहा। रिश्तेदारों से पूछताछ में भी कुछ पता नहीं चला। पत्नी के गायब होने का मामला दर्ज करने कुमारडुंगी थाना गया। जहां से थाना के लोगों ने थाना में कोई पदाधिकारी नहीं होने की बात कह कर वापस घर भेज दिया। घर में काफी परेशान रहता था।
इसी दौरान नशे की हालत में एक व्यक्ति ने पत्नी को जान से मार देने की बात कहते हुए माफी मांगनी शुरू की। उस समय तो कुछ समझ में नहीं आया। इस बारे में गांव मे पूछताछ शुरू की तो कर दी। लोगों से जानकारी मिली कि पत्नी जाम्बी कोंडाकेल को गांव के लोगों ने ही मिलकर डायन बता हत्या कर दी।