मलयाली पंचांग के अनुसार बारिश होगी कम, महंगाई में होगा इजाफा
बिषु पर्व के मौके पर मलयाली पंचांग में बताया गया कि क्षेत्र में बारिश कम होगी और महंगाई भी बढ़ेगी। हालांकि गेहूं की फसल कम होगी लेकिन धान का उत्पादन ठीकठाक होगा।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड के जमशेदपुर शहर में रह रहे सात हजार मलयालम समाज के लोगों ने नववर्ष विषु पर्व के रूप में मनाया। विषु पर्व के दौरान समाज के लोग सुबह उठकर सबसे पहले आईना में अपना चेहरा देखा उसके बाद पारंपरिक वस्त्र पहनकर लोगों ने मंदिर की ओर रुख किया। टेल्को कृष्ण मंदिर व धर्मसास्था मंदिर में इस मौके पर सुबह विशेष पूजा-अर्चना हुई। शाम को पंचांग श्रवण हुआ। पंचांग में बताया गया कि क्षेत्र में बारिश कम होगी और महंगाई भी बढ़ेगी।
इससे पूर्व सुबह मंदिरों में प्रसाद के रूप में चावल, केला, पान का पत्ता और फल सहित कई प्रकार की सामग्री अर्पित की गई। पूजा-अर्चना के बाद इन्हें सूर्य भगवान को दिखाया गया। टेल्को में जहां भगवान कृष्ण और धर्मसास्था मंदिर में भगवान अयप्पा की पूजा की गई। इस दौरान दोनों मंदिर में विषुकन्नी (सिक्का) ग्रहण करने की होड़ लगी रही। ऐसी मान्यता है इस सिक्का के घर में रहने से घर में धन तथा सुख समृद्धि बनी रहेगी। धर्मसास्था मंदिर में सुबह 6 बजे से महागणपति हवन से प्रारंभ हुआ। स्वामी अयप्पा का एकादश रुद्राभिषेक किया गया। महाआरती हुई। प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद में विषुकन्नी दिया गया।
कम होगी गेहूं की फसल
शाम को पंचाग का श्रवण राजू शास्त्री ने किया। पंचांग के अनुसार बताया कि बारिश कम है। गेहू का फसल कम होगी। चावल उत्पादन होगा। महंगाई बढ़ेगी।