विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलकर्मियों को मिले पूरा आराम, ओवरटाइम ड्यूटी पर लगे रोक; रेलवे बोर्ड ने जारी किए सख्त निर्देश

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:45 PM (IST)

रेलवे बोर्ड ने कर्मचारियों के निर्धारित ड्यूटी घंटे, रोस्टर और विश्राम नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जोनल रेलवे को सख्त निर्देश दिए हैं।  

ट्रेन चलाते लोको पायलट। फाइल फोटो

ट्रेन चलाते लोको पायलट। फाइल फोटो

HighLights

  1. रेलवे बोर्ड ने ड्यूटी घंटे, विश्राम नियमों के पालन पर जोर दिया।

  2. कर्मचारियों की कमी नियमों में कटौती का आधार नहीं बनेगी।

  3. सुरक्षित ट्रेन परिचालन हेतु पर्याप्त विश्राम को अनिवार्य बताया।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। रेलवे कर्मचारियों के निर्धारित ड्यूटी घंटे, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम की व्यवस्था को लेकर रेलवे बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है।

बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को निर्देश दिया है कि रनिंग स्टाफ समेत अन्य परिचालन श्रेणी के कर्मचारियों के कार्य समय और विश्राम संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

कर्मचारियों की कमी या परिचालन संबंधी बाधाओं को निर्धारित विश्राम में कटौती का आधार नहीं बनाया जा सकता।

रेलवे बोर्ड के निदेशक (स्थापना) पीयूष कपासी ने पिछले दिनों एक पत्र जारी कर कहा है कि नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआइआर) ने 17 अक्टूबर 2026 को प्रतिनिधित्व देकर इस मुद्दे को उठाया था।

संगठन ने कर्मचारियों की कमी और परिचालन संबंधी दबाव के कारण निर्धारित कार्य अवधि, ड्यूटी रोस्टर तथा विश्राम के नियमों के अनुपालन में आ रही समस्याओं पर चिंता जताई थी।

बोर्ड ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि रेलवे अधिनियम, 1989 के अध्याय 14 व रेलवे कर्मचारी कार्य घंटे एवं विश्राम अवधि नियम, 2005 के तहत निर्धारित प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाना चाहिए।

इसके अलावा समय-समय पर जारी अन्य निर्देश भी प्रभावी रहेंगे। कर्मचारियों की कमी या परिचालन की जरूरतों का हवाला देकर इन नियमों से समझौता नहीं किया जा सकता।

कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित ट्रेन परिचालन पर जोर

रेलवे बोर्ड ने कहा है कि कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम देना उनके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए बेहद जरूरी है। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सतर्कता बनी रहती है।

खासकर ट्रेन परिचालन की सुरक्षा और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित आराम की अवधि का पालन आवश्यक है।

सभी जोनल रेलवे में बनेगी निगरानी व्यवस्था

बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को अपने यहां कार्य समय, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम से जुड़े नियमों के वास्तविक अनुपालन की समीक्षा करने को कहा है।

साथ ही प्रत्येक इकाई में निगरानी की ऐसी व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि किसी भी कर्मचारी को निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर ड्यूटी पर तैनात नहीं किया जाए।

यह भी पढ़ें- वाणावर पहाड़ी की खूबसूरती निहारना अब होगा आसान, अंतिम चरण में पहुंचा रोपवे का काम; प्रशासन ने तेज की कवायद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।