विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Indian Railway: ट्रेन में तेज रिंगटोन और स्पीकर पर गाना बजाया तो खैर नहीं, लगेगा 1000 रुपये जुर्माना, होगी 6 महीने की जेल

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:28 PM (IST)

रेलवे ने ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल पर बात करने या स्पीकर पर गाने/वीडियो चलाने पर नए नियम लागू किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई हो सकती है।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image)

HighLights

  1. ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल इस्तेमाल पर कार्रवाई।

  2. स्पीकर पर गाने या वीडियो चलाने पर जुर्माना, जेल।

  3. टीटीई को उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई का अधिकार।

जासं, जमशेदपुर। ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल फोन पर तेज आवाज में बातचीत करना, लंबे समय तक फोन पर लगे रहना और स्पीकर पर गाने या वीडियो चलाना अब यात्रियों को भारी पड़ सकता है। 
 
सहयात्रियों की सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर सख्ती बरतने का निर्देश जारी किया है।
 
नए निर्देश के अनुसार, ट्रेन और रेलवे स्टेशन परिसर में तेज आवाज में बात करने तथा मोबाइल के स्पीकर मोड पर गाने या वीडियो चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। 
 

हिंदी और अंग्रेजी में यात्रियों को जागरूक किया जाएगा

रेलवे अधिनियम के तहत ऐसे आचरण को अन्य यात्रियों के लिए परेशानी पैदा करने वाला माना गया है। इस नियम के उल्लंघन पर एक हजार रुपये तक जुर्माना और छह महीने तक की जेल की सजा का प्रावधान है।
 
रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद सभी रेल मंडलों को इन नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने को कहा गया है। इसके तहत रेलवे स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से क्षेत्रीय भाषाओं के साथ-साथ हिंदी और अंग्रेजी में नियमित रूप से यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। 
 
ट्रेनों में भी जहां संभव होगा, उद्घोषणा करके यात्रियों से तेज आवाज में बात न करने और स्पीकर पर गाने या वीडियो न चलाने की अपील की जाएगी।
 

एसी कोच में लगाए जाएंगे जागरूकता पोस्टर 

रेलवे ने स्टेशनों के प्रमुख स्थानों और ट्रेनों के भीतर जागरूकता से जुड़े पोस्टर व स्टीकर लगाने के भी निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से वातानुकूलित (एसी) कोच में ऐसे संदेश प्रमुखता से लगाए जाएंगे। 
 
यात्रियों को गाने और वीडियो सुनने के लिए ईयरफोन का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों से मोबाइल को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड में रखने अथवा रिंगटोन की आवाज कम रखने का अनुरोध किया जाएगा।
 

टीटीई कर सकेंगे कार्रवाई, नीचे के पद वालों को अधिकार नहीं 

रेलवे के निर्देश के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सक्षम वाणिज्यिक कर्मचारियों को अधिकृत किया गया है। 
 
टिकट परीक्षक (टीटीई) स्तर के अधिकारी कार्रवाई कर सकेंगे, जबकि टीटीई से नीचे के पद का कोई कर्मचारी इस तरह की कार्रवाई नहीं कर सकेगा। 
 
अधिकृत अधिकारी रेलवे अधिनियम और अपने अधिकारों के तहत नियम तोड़ने वाले यात्रियों के विरुद्ध आवश्यक कदम उठा सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।