विदेशी चिप की हैकिंग का खतरा होगा खत्म! स्वदेशी तकनीक पर जुटे भारतीय वैज्ञानिक; जमशेदपुर में बोले जेडी पाटिल
भारत अंतरिक्ष यानों के पुनः उपयोग, जंग रहित स्टील और शून्य कार्बन उत्सर्जन तकनीक पर शोध कर रहा है। वैज्ञानिक विदेशी चिप हैकिंग रोकने के लिए स्वदेशी तकनीक विकसित कर रहे हैं।
-1795708454173_m.webp)
सीएसआइआर-एनएमएल के स्थापना दिवस में व्याख्यान देते औद्योगिक अनुसंधान परिषद के चेयरमैन जेडी पाटिल।
HighLights
भारत अंतरिक्ष यानों के पुनः उपयोग तकनीक पर शोध कर रहा है।
जंग रहित स्टील और शून्य कार्बन उत्सर्जन पर भी काम जारी।
विदेशी चिप हैकिंग रोकने को स्वदेशी तकनीक विकसित कर रहे वैज्ञानिक।
जासं, जमशेदपुर। भारत अब अंतरिक्ष यानों के पुनः उपयोग (रियूज) और उनमें जंग न लगने की उन्नत तकनीक विकसित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
नेशनल मेटलर्जिकल लेबोरेटरी (एनएमएल) समेत देश के कई प्रमुख संस्थान इस पर शोध कर रहे हैं और यह कार्य प्रगति पर है।
यह जानकारी वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआइआर) के चेयरमैन जेडी पाटिल ने गुरुवार को जमशेदपुर स्थित सीएसआइआर-एनएमएल के स्थापना दिवस समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी।
जेडी पाटिल ने कहा कि टाटा स्टील सहित देश की कई कंपनियां बड़े पैमाने पर स्टील उत्पादन कर रही हैं।
2047 तक 600 मिलियन टन स्टील उत्पादन का लक्ष्य
भविष्य में इन कंपनियों की सुरक्षा और लागत बचत को ध्यान में रखते हुए 'जंग रहित स्टील' और 'शून्य कार्बन उत्सर्जन' की तकनीक पर भी शोध चल रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे।
उन्होंने बताया कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2047 तक 600 मिलियन टन स्टील उत्पादन का है, जबकि वर्तमान में यह आंकड़ा 203 मिलियन टन है। इस बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्टील निर्माण के क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान बेहद जरूरी है।
चिप की हैकिंग रोकने के लिए स्वदेशी तकनीक पर काम
विदेशी सेमीकंडक्टर चिप पर निर्भरता को देश की सुरक्षा और तकनीकी संप्रभुता के लिए चुनौती बताते हुए पाटिल ने अहम चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि महंगी विदेशी कारों से लेकर आधुनिक उपकरणों तक में लगी विदेशी चिप को हैक कर बाहरी ताकतें उनके संचालन को प्रभावित कर सकती हैं।
इस खतरे से निपटने के लिए भारतीय वैज्ञानिक स्वदेशी चिप निर्माण और उसे हैकिंग से सुरक्षित बनाने पर शोध कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चिप निर्माण की प्रक्रिया तीन मुख्य चरणों- निर्माण, कच्चे माल की उपलब्धता और असेंबलिंग पर टिकी है।
भारतीय शोधकर्ता इन तीनों मोर्चों पर जुटे हैं, ताकि भविष्य में चिप हैकिंग के जोखिम को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।