जमशेदपुर में बहू की घर वापसी के लिए महिला ने जीभ काट भगवान के फोटो पर चढ़ाई, एमजीएम में भर्ती Jamshedpur News
आदित्यपुर के आरआइटी थाना क्षेत्र के एनआइटी परिसर में मजदूरी करने वाली महिला लक्ष्मी निराला ने अंधविश्वास में जीभ का अगला हिस्सा काट ली।
जमशेदपुर (जासं) । विज्ञान का युग है मगर समाज में आज भी कुछ ऐसी घटनाएं हो जाती हैं जाे यह दर्शाता है, लोगों में अंधविश्वास आज भी कायम है। आदित्यपुर के आरआइटी थाना क्षेत्र के एनआइटी परिसर में मजदूरी करने वाली महिला लक्ष्मी निराला ने अंधविश्वास में जीभ का अगला हिस्सा काट ली। उसे पुलिस ने एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया। महिला की बहू घर से दो दिन पहले कहीं चली गई हैं। खोजबीन के बावजूद वह नहीं मिली जिसे वापस लाने के लिए महिला ने तंत्रमंत्र अपनाकर अपनी जीभ काट ली और भोले बाबा की तस्वीर पर चढ़ा दी।
उसेे विश्वास था कि बहू लौट आएगी। अपने को भोले बाबा का भक्त बताती रही। बाबा की तस्वीर भी साथ लेकर वह अस्पताल पहुंची थी। तस्वीर पर ही कटी हुई जीभ भी गिरा पड़ा था। आरआइटी थाना प्रभारी के अनुसार महिला मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं और अपने पति नंदू लाल निराला के साथ एनआइटी परिसर में मजदूरी करती हैं। रविवार को सभी एक साथ पूजा-पाठ कर रहे थे। इस बीच महिला ने ऐसी घटना को अंजाम दिया। पूजा के बाद सभी उठ गए, लेकिन महिला नहीं उठी। देखा तो मुंह से खून निकल रहे हैं। मामले की सत्यता का पता लगाया जा रहा हैं।