लौहनगरी में चक्रवाती तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश Jamshedpur News
दिनभर प्रचंड गर्मी के बाद शाम होते ही शहर में तूफानी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते हवा के तेज झोकों के बीच शुरू हुई बारिश ने शहर को भिगो दिया।
जमशेदपुर (जेएनएन)। दिनभर की प्रचंड गर्मी के बाद शाम होते ही शहर में तूफानी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते करीब सात बजे हवा के झोकों के बीच शुरू हुई बारिश ने शहर को भिगो दिया। पूरे दिन गर्मी व उमस से परेशान लोगों को तेज हवा व बारिश के चलते राहत मिली। दरअसल, शहर और आसपास के क्षेत्र में मौसम साफ रहने के बाद इस माह पहली बार तापमान 40 के पार पहुंचा था।
चक्रवाती तूफान अम्फान (Amphan) का असर
शनिवार की शाम को तूफानी हवा के साथ शुरू हुई बारिश को चक्रवाती तूफान अम्फान (Amphan) का असर बताया जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को चक्रवाती तूफान की आशंका पहले ही जता दी थी। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर और दक्षिण अंडमान सागर के पास कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके चलते ओडिशा और आस-पास के इलाकों में 16 मई की शाम को चक्रवाती तूफान अम्फान (Amphan) की संभावना है।
रविवार को उत्तर-पूर्व की ओर तूफानी हवाएं चलने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगर ये चक्रवाती तूफान के तौर पर विकसित हुआ तो ये 17 मई तक उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर भी बढ़ने की संभावना है। उस दौरान हवा की रफ्तार 55-65 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। यह रफ्तार बढ़कर 75 किलोमीटर प्रतिघंटा तक भी पहुंच सकती है।
जमशेदपुर में अगले चार-पांच दिन तक लगातार हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्र में अगले पांच दिनों में रोज बारिश होने की संभावना है। मई के आधे दिन बीतने के बाद तापमान के 40 पार पहुंचा जबकि अप्रैल में ही प्रचंड गर्मी पड़ने लगती थी। इस हिसाब से देखा जाए तो शहर के लोगों को इस वर्ष गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष मानसून की बारिश अच्छी होगी। विलंब के साथ पांच जून को मानसून केरल राज्य में प्रवेश करेगा। सामान्यत: जमशेदपुर में 11 से 13 जून तक मानसून आ जाता है। इस वर्ष 17 जून तक आने की संभावना जताई गई है। अभी राज्य में प्री-मानसून का दौर चल रहा है। ऐसे में आने वाले पांच दिनों में लौहनगरी और आसपास के क्षेत्र में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।
ओडिशा, पश्चिम बंगाल सहित आठ राज्यों को अलर्ट जारी
कोरोना वायरस महामारी के बीच आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश की चिंता बढ़ गई है। दरअसल मौसम विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि 16 मई की शाम को बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान एम्फन (Amphan) आएगा। इसके चलते अंडमान निकोबार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। इस चक्रवाती तूफान के चलते देश के आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन स्थानों पर हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार ओडिशा के तटीय इलाकों और पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी दो दिन तक बारिश की संभावना है। मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण और सेंट्रल इलाके के समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है। जो मछुआरे समुद्र के इन इलाकों में गए हैं, उन्हें तुरंत वापस लौट आने के निर्देश दिए गए हैं।
ओडिशा में 12 जिलों में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवात का रूप धारण करने की संभावना के मद़देनजर ओडिशा के चार तटीय जिलों को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है, जबकि 12 अन्य जिलों के लिए भी अलर्ट जारी किए गए हैं। एहतियात के तौर पर सरकारी छुट्टियां रद कर दी गई हैं। चक्रवात में तब्दील होने की स्थिति में यह उत्तर पश्चिम और रविवार शाम तक उत्तर-पूर्व की तरफ बढ़ेगा। हालांकि यह कहां पर लैंडफाल करेगा, यह स्पष्ट नहीं हुआ था। गजपति से लेकर मयूरभंज तक 12 जिले के लिए अलर्ट जारी किया गया है। चार तटीय जिले बालेश्वर, भद्रक, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा के जिलाधीश के साथ चर्चा कर हर परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा जा चुका है।