ईचागढ़ में खेत में कटे धान देखने गए किसान को हाथी ने पटका, मौके पर गई जान; वन विभाग ने दिया 50 हजार मुआवजा
ईचागढ़ में खेत में धान देखने गए एक 58 वर्षीय किसान की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। वन विभाग ने तत्काल 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया।

खोजबीन के बाद ईचागढ़ थाना क्षेत्र के धुंधाडीह टोला स्थित मुदीडीह गांव में खेत के पास झाड़ी में किसान का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
HighLights
ईचागढ़ में खेत गए किसान को हाथी ने मारा।
ग्रामीणों ने हाथियों को खदेड़ने की मांग की।
संसू, ईचागढ़ (सरायकेला-खरसावां)। ईचागढ़ थाना क्षेत्र के धुंधाडीह टोला स्थित मुदीडीह गांव निवासी 58 वर्षीय किसान की जंगली हाथियों के हमले में मौत हो गई।
सूचना मिलने पर प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो तथा ईचागढ़ थाना के एसआई सुधांशु कुमार व एएसआई मनिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
वन विभाग ने तत्काल मृतक की पत्नी बीबी देवी को 50 हजार रुपये नकद मुआवजा प्रदान किया। प्रभारी वनपाल कैलाश चंद्र महतो ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि 10 लाख रुपये है।
आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मृतक के आश्रित को तीन वर्षों तक हर माह दो-दो हजार रुपये पेंशन भी दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, किसान रविवार अहले सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अपने खेत में कटे धान देखने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
खोजबीन के बाद खेत के पास झाड़ी में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। थाना प्रभारी वरुण यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की पुष्टि की है।
घटना के बाद ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य और ग्रामीणों ने इलाके में मौजूद हाथियों को सुरक्षित स्थान पर खदेड़ने की मांग की।
ईचागढ़ प्रखंड के पिलीद, सालुकडीह, मुदीडीह, रघुनाथपुर, टीकर और कुटाम समेत आसपास के जंगलों व झाड़ियों में अलग-अलग गुटों में दर्जनों हाथियों के डटे रहने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
किसान खेतों में धान की कटाई करने से भी कतरा रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही प्रभावित गांवों में भय का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द हाथियों को खदेड़ने की मांग की है, ताकि किसान बिना डर के फसल कटाई कर सकें।