पेट पर पति का आघात, गर्भ गिरने से आहत पत्नी ने लटककर दे दी जान Jamshedpur News
मृतक महिला के परिजनों ने पति व उसके बहन पर लगाया डबल मर्डर का आरोप अस्पताल में जमकर हंगामा देखती रही पुलिस।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। कदमा स्थित भाटिया बस्ती निवासी गोपाल दास की पत्नी ममता प्रसाद (32) ने रविवार की शाम फांसी लगा ली। हालांकि, परिजनों ने मृतका के पति गोपाल व ननद मधु देवी पर डबल मर्डर का आरोप लगाया है। इसे लेकर परिजनों ने महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मृतका के परिजनों ने कदमा थाने जाकर घटना की शिकायत पुलिस से कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की मां लक्ष्मी देवी ने बताया कि शाम को दामाद ने अचानक फोन किया और बताया कि ममता ने फांसी लगा ली है। इसके बाद वे लोग दौड़ते-भागते वहां पहुंचे तो देखा कि ममता छत के पंखे से लटकी हुई है। इसके बाद उसे उतारा गया। तब तक पुलिस भी पहुंच गई थी। वहीं ममता के ससुराल वाले भी मौजूद थे लेकिन किसी ने उसे उतारने में सहयोग नहीं किया। सभी देखते रहे। ममता के दोनों भाई ने गले से चुन्नी खोलकर उसे उतारा और एमजीएम अस्पताल लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ममता एक माह की थी गर्भवती
ममता की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। उसके बाद से उसका बच्चा नहीं हो रहा था, जिसके लिए उसे प्रताडि़त किया जा रहा था। अभी एक माह पूर्व वह गर्भवती हुई थी। इसी दौरान रविवार की सुबह उसके पेट पर पति कूद गया। जिससे बच्चा खराब हो गया है। इसकी जानकारी ममता ने अपनी मां लक्ष्मी देवी को फोन कर दी। इसके बाद लक्ष्मी देवी ने अफसोस जताते हुए कहा कि उसे धुलाई कराना होगा। रविवार को कोई डॉक्टर क्लिनिक में नहीं मिलेगा। इसलिए सोमवार को वह आएगी और डॉक्टर के पास लेकर जाएगी। लेकिन, इसी दौरान यह घटना घट गई। उसे नहीं मालूम था कि इतनी बड़ी घटना घटने वाली है।
रविवार को ही ससुराल लौटी थी ममता
रविवार को ही ममता अपने मायके बागबेड़ा से ससुराल कदमा लौटी थी। ममता की मां ने बताया कि वह कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। उसका दामाद बिहार अपने गांव गया था। रविवार की सुबह गोपाल कुमार ट्रेन से टाटा नगर स्टेशन पहुंचा और पत्नी को फोन कर वहां बुलाया। इसके बाद ममता स्टेशन पहुंची और दामाद उसे अपने साथ लेकर कदमा स्थित ससुराल चला गया। उसके कुछ घंटों के बाद दोपहर करीब 12 बजे ममता ने अपनी मां को फोन किया और बताया कि उसका गर्भ खराब हो गया है। इसका कारण पूछने पर ममता ने बताया कि पति उसके पेट पर कूद गए है।
आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद कदमा में बनाया था घर
गोपाल दास दो साल पूर्व ही आर्मी से रिटायर्ड हुआ है। उसके बाद कदमा स्थित भाटिया पार्क में अपना घर बनाया था और दोनों पति-पत्नी साथ में रह रहे थे। उनके घर के बगल में गोपाल के बहन व उसके जीजा अशोक दास का भी घर है। मृतक की मां ने बताया कि रिटायर्ड होने के बाद गोपाल दिन भर शराब पीता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था। गोपाल का साथ उसके जीजा व बहन देती थी।
बड़ी बेटी को देखने आया था और ममता को पसंद कर लिया
लक्ष्मी देवी ने बताया कि गोपाल दास के साथ ममता की शादी नहीं होनी थी। गोपाल दास की शादी उसकी बड़ी बेटी से होनी थी। उसे ही वह देखने आया था, तभी उसे न पसंद करते हुए ममता को पसंद कर लिया और शादी कर ली। उस दौरान दहेज के रुप में एक रुपये भी नहीं लिया। बाद में दस लाख रुपये की मांग करने लगा। लक्ष्मी देवी की चाईबासा में जमीन है। उसी जमीन को बेचकर दस लाख रुपये की मांग करता था। इसे लेकर वह ममता को प्रताडि़त करने के साथ-साथ सास लक्ष्मी को भी फोन करता था।
कांग्रेसी नेता के साथ रहती है गोपाल की बहन
लक्ष्मी देवी ने बताया कि आरोपित गोपाल दास की बहन कांग्रेसी नेता के साथ रहती है। इसलिए पुलिस नेत्री के भाई को गिरफ्तार नहीं कर रही है। और उसी का साथ दे रही है। लक्ष्मी देवी ने बताया कि जब वे लोग ममता के ससुराल पहुंचे तो उस वक्त ममता की सांस चल रही थी। लेकिन न तो ससुराल वाले उसे अस्पताल ले गए और ना ही पुलिस ही उसे अस्पताल ले गई। अगर सही समय पर उसे इलाज मिला होता तो शायद उसकी मौत नहीं होती।
कदमा थाने पहुंचे परिजन
मृतका के परिजन एमजीएम अस्पताल से सीधे कदमा थाना गए। वहां कदमा थाना प्रभारी को पूरी बात बताते हुए मामले में मृतका के पति और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजन घर चले गए हैं। वो सोमवार को थाने आकर प्राथमिकी के लिए आवेदन देंगे। परिजनों का आवेदन मिलने के बाद मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी। शव एमजीएम के शीतगृह में रखवा दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।