प्रेम विवाह के बाद शराब के नशे में पत्नी को पुल से नीचे फेंका, गिरफ्तार
ड्राइवर राजेश ने अपने बड़े भाई मधुमत के साथ मिलकर अपनी पत्नी बेबी को पुल से नीचे धकेल दिया। बेबी ने राजेश के साथ दो साल पहले प्रेम विवाह किया था।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सोनारी के पास दोमुहानी के नवनिर्मित पुल पर घुमाने के बहाने ले जाकर ड्राइवर राजेश महतो ने अपने बड़े भाई मधुमत के साथ मिलकर अपनी पत्नी बेबी महतो को पुल से नीचे धकेल दिया। बेबी महतो ने राजेश के साथ दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। घटना सोमवार को देर रात की है। इस हादसे में पत्नी को कई जगह चोट आई है और हड्डियां टूट गई हैं। दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया है। महिला रात भर बेहोशी की हालत में नदी में पड़ी रही।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची चांडिल थाना की कपाली टीओपी पुलिस ने घायल महिला को सुबह 10:00 बजे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। एमजीएम में इलाज के दौरान तकरीबन 12:00 बजे अपनी पत्नी को देखने आए आरोपी पति राजेश महतो को कपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एमजीएम थाने से गिरफ्तार करने के बाद कपाली पुलिस राजेश महतो को थाना ले गई है। यहां लिखा-पढ़ी की कार्रवाई करने के बाद राजेश महतो को जेल भेज दिया जाएगा।
कपाली के कमारगोड़ा की रहने वाली बेबी महतो की शादी ड्राइवर राजेश महतो के साथ दो साल पहले हुई थी। घायल बेबी महतो के साथ आई उसकी मां विशाखा महतो ने बताया कि राजेश महतो ने दहेज की मांग करना शुरू कर दिया और बेबी को प्रताड़ित करने लगा। शादी के एक साल बाद बेबी महतो पति की प्रताड़ना से तंग आकर घर चली आई। ड्राइवर राजेश महतो ट्रक चलाता है और अक्सर बाहर रहता है। वह जब भी अपने गांव आता बेबी को बुलाकर घुमाने ले जाता और वापस घर छोड़ जाता। बताते हैं कि वह सोमवार की शाम को आया और बेबी को दोमुहानी पुल घुमाने की बात कह कर ले गया। यहां रात लगभग साढ़े 10 बजे बेबी महतो ने बताया कि राजेश ने दोमुहानी पुल पर दारू पी और बातचीत के दौरान उससे झगड़ा हो गया। नशे में धुत राजेश ने बेबी को अपने घर ले जाने को कहा लेकिन मना करने पर आग बबूला हो गया।
इस बीच, उसने बेबी को पुल से नीचे फेंक दिया। बेबी ने बताया कि पुल के किनारे के जिस हिस्से से उसे नीचे फेंका गया नीचे जमीन से पुल की ऊंचाई ज्यादा नहीं थी। इस वजह से वह बच गई। लेकिन उसकी हड्डियां टूट गई है। वो चल नहीं पा रही है। पुल के निर्माण का काम अभी चल रहा है। काम करने वाले मजदूरों ने उसे देखा और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी बेबी महतो को इलाज के लिए एमजीएम थाना ले आई। बेबी महतो को अपने पति से कोई औलाद नहीं है। पुलिस आरोपी जेठ मधुमत को भी तलाश रही है।